शनिवार, 27 फ़रवरी 2021

परछाइयों के शहर में : पुस्तक समीक्षा : परछाइयों का शहर

 

साभार : सलौना राजस्थान 


पुस्तक चर्चा/ बुद्धमल


खुलकर आपसे बात करते हैं इन कहानियों के पात्र


जाती सर्दी के ये दिन, जब गुनगुनी सुहानी धूप थोडी़ देर बाद चुभने सी लगती है तो कमरे के अंदर की मीठी सी ठंड भी अपना असर दिखाना चाहती है। ऐसे में किताब के बहाने किसी तीसरे मौसम में दाखिल होने का मन भी क्यों न हो। लिहाजा मन बावरा आज "परछाइयों का शहर" के सफर पर निकल गया। 

वाकई डॉ. मंजु शर्मा का यह शहर बहुत दिलचस्प है। इतना कि एक ही बार में पूरा घूमने का मन करे। टुकडा़-टुकडा़ घूमो तो भी तीन चार दिन आराम से गुजार सकते हैं। शहर में प्रवेश करते ही आपको आवारो बच्चों के साथ गंगा सदन वाली बूढी़ ताई मिलेगी। कचरा बीनते दो भाई- बहन, बुढा़पे में सन्यास काटती गंगा और आलिशान मंगलायतन सदन। समाज की तीन तस्वीरें या कहें की एक आईने में तीन सच- मुफ़लिसी का एहसास, बुढा़पे में सहारा खोजती आंखे और अमीरी के नशे में डूबे लोग जिनकी नजरों ग़रीब और पशु में कोई खास अंतर नहीं है। अत: वे दोनों के साथ व्यवहार में बिल्कुल भेदभाव नहीं करते। थोडा़ आगे चलकर

गर्ल्स हॉस्टल है जहां एक मस्तमौला लड़की कहानियां खोजती बुनती रहती है। उन्हीं-किन्हीं कहानियों के बीच एक कहानी उसकी रूमी संचिता की है। संचिता अपनी ही एक सहेली के ससुराल से खुद की तुलना कर खुद को हीन भावना के मर्ज से ग्रस्त कर बैठती है। दरअसल मन बावरा चीज ही कुछ ऐसी है न चाहते हुए भी किसी न किसी से कहीं न कहीं होड़ कर बैठता है और फिर अनचाहे अवसाद पालता है। मन पर नियंत्रण न हो तो इसके बेलगाम घोडे़ किसी सपाट ऊंचाई से सीधे गहरी घाटी में गाडी़ पटक मारने में देर नहीं करते। पास के हॉस्टल में नंदिता सिंधु दीदी से फेसियल करवाते हुए 'खट्टी वासना' की व्यथा पर मंथन कर रही है। ऐसे ही किसी घर में 'खोटे सिक्के' की खनक है तो किसी घर में कोई प्रोफेसर साहब लॉकडाउन और पत्नि के बीच पिस रहे हैं। कहीं कोई लाछी घर घर करती बेघर होती है। लाछी की जैसी कई और मिलेंगी आपको इस शहर में जो कहीं पल्लू के गांठ दिए किसी पैसे वाले घरों में पेट पालने की जुगत में दिनभर खटती रहती है। शहर घूमने आए हैं तो माधो जोगी की गाडी़ की सवारी करना तो ना ही भूलें। बातों ही बातों में आपको चौक, बाजार, हवेलियां, धोरे सब जगह घूमा देगा। परछाइयों के इस शहर में हर उम्र की कहानियां हैं। हर वो रंग, वो जगह है जो आप देखना चाहते हैं।


   'नई वाली हिंदी' के दौर में कहानी का जो स्वाद खो सा गया है यूं कहें की पुराने वाले पाठक जो जायका मिस करते हैं वह इस किताब में आपको बराबर मिलेगा। कहानियां और पात्र नए जमाने के हैं पर बिल्कुल भी ओपरे नहीं लगते। कई जगह तो वो आपसे खुलकर बात करते हैं। डॉ. मंजु शर्मा ने अपनी इन कहानियों में क्षेत्रीय या आंचलिक शब्दों का भी बराबर प्रयोग किया है। पात्रों के संवाद के साथ देसी बातों के  पुट सहज ही आ जाते हैं जिससे कथा का अपना लय बना रहता है। कहानियां न अधिक छोटी है, न अधिक लम्बी अत: पाठक को कहीं भी अपना प्रवाह खोने का खतरा भी नहीं है। परछाइयों के शहर की अपनी एक खास विशेषता यह है कि हर कहानी आपको एक नए शहर में ले जाती है, हर मोड़ पर आप एक नए शहर से रू-ब-रू होते हैं। काफी समय बाद कोई किताब हाथ में आई है जिसे पूरी तरह से पाठक होकर पढा़ जा सकता है।

बढिया सृजन के लिए डॉ. मंजु शर्मा को बहुत बधाई और भविष्य में ऐसे ही लिखते रहने की शुभकामनाएं।


- बुद्धमल

मेहरी, चूरू।

4 टिप्‍पणियां:

पृथ्वीराज तृतीय का मुहम्मद गौरी से संघर्ष और उसका अंत

  Photo: Google तराइन का प्रथम युद्ध(1190-91 ई.) -  गोरी एक महत्त्वाकांक्षी शासक था। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था और मध्य...