चित्र: गूगल से साभार
यूं तो पृथ्वी के अस्तित्व में आने से लेकर अब तक मानव की बीती विशेष घटनाओं को ही इतिहास कहा जा सकता है। वे घटनाएं जो कालक्रमानुसार प्राचीन से नवीन की ओर हमारा ज्ञान कराती है, उन्हें इतिहास कहा जा सकता है। परंतु इतिहास केवल और केवल घटनाओं को जानने का काम नहीं करता है। सारी घटनाओं को इतिहास भी नहीं कहा जा सकता है। वे घटनाएं जो मनुष्य के अतीत से जुडी़ हैं उनसे हम हमारे वर्तमान में सीखकर भविष्य को सुंदर बना सकें वह इतिहास है। अक्सर लोग मान लेते हैं की इतिहास में तिथियों और राजाओं की कहानियों का अध्ययन किया जाता है। पर ऐसा नहीं है, इतिहास पढ़ने के दौरान हमें कई बातों का ध्यान रखना पड़ता है। समय रेखा के जिस बिंदु पर या जिस वक्त का हम अध्ययन कर रहे हैं उस देशकाल में हमें उसकी सामाजिक, आर्थिक, राजनीति तथा धर्मादि स्थिति से रू-ब-रू होना जरूरी है। उस समय जन और और राज्य के बीच संबंध, कला, वास्तु, संगीत, साहित्य, महिलाओं की स्थिति, शिक्षा, विज्ञान आदि अनेक विषय हैं जिनकी जानकारी होनी जरूरी है। फिर एक और जरूरी बात आती है कि हम जो पढ़ रहे हैं किसी पूर्वाग्रह से ग्रस्त होकर तो नहीं पढ़ रहे हैं या फिर जिस लेखक नें लिखा है उसके पूर्वाग्रह तो उस किताब के भीतर से हमारे अंदर नहीं आ रहे हैं।
हम जब इतिहास को पढ़ने जाते हैं तो हमें अपने राजनैतिक, धार्मिक तथा वैचारिक पूर्वाग्रहों को ठीक उसी तरह त्याग देना चाहिए जैसे घुसलघाने में स्नान करने जाने से पूर्व हम अपने वस्त्रों का त्याग करते हैं। तत्पश्चात हमें यह भी ध्यान में रखना आवश्यक है कि जैसे हम भारत का इतिहास पढ़ रहे हैं तो स्वतंत्रता से पूर्व का जो लिखा गया है वह पढ़ रहे हैं या स्वतंत्रता के तुरंत बाद का। इस पर युरोपीय इतिहासकारों के मत क्या हैं तथा भारतीय इतिहासकारों के क्या दृष्टिकोण हैं। वामपंथी और दक्षिणपंथी लेखकों के बीच क्या-क्या मतभेद हो सकते हैं। जिस कालक्रम को हम पढ़ रहे हैं उस पर हमें नवीनतम जानकारी क्या हासिल हैैै; जैसे सिंधु-सरस्वती सभ्यता की लिपि अब तक नहीं पढी़ जा सकी है अत: वह सब अनुमान के आधार पर या फिर वहां से मिले स्रोतों पर ही आधारित है।
ऐतिहासिक स्रोत मुख्यत: दो तरह के माने जा सकते हैं- 1. पुरातात्विक तथा 2. साहित्यिक। पुरातात्विक और साहित्यिक स्रोतों के अलावा विदेशी यात्रियों के विवरण भी एक उल्लेखनीय स्रोत हैं। अत: इतिहास केवल राजाओं की कहानियां नहीं है, न ही तिथियों का अध्ययन मात्र है यह हम किसी भी देशकाल में किसी राज्य या भौगोलिक क्षेत्र की समस्त परिस्थितियों का सर्वांगीण और मुक्त विचारों से की गई खोजों का तथ्यपरक परिणाम है। इसमें एज मैपिंग्(कार्बन डेटिंग) से लेकर प्राप्त अवशेषों का प्रामाणिकरण भी होना जरूरी है। कोई भी घटना या युद्ध का वर्णन इतिहास नहीं कहा जा सकता है।
इतिहास में आज के लिए इतना ही बाकी अगले अंक में. . .
