शुक्रवार, 17 जून 2022

पृथ्वीराज तृतीय का मुहम्मद गौरी से संघर्ष और उसका अंत

 

Photo: Google

तराइन का प्रथम युद्ध(1190-91 ई.) - 

गोरी एक महत्त्वाकांक्षी शासक था। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था और मध्य एशिया की राजनीति में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करना चाहता था। इसके लिए उसे विपुल धन-सम्पदा की आवश्यकता थी और यह आवश्यकता भारत में पूरी की जा सकती थी। तत्कालीन भारत की राजनैतिक स्थिति भी गोरी के अनुकूल थी। देश में केन्द्रीय सत्ता का अभाव था और अलग-अलग क्षेत्रों में स्वतन्त्र राजवंशों की नीव सुदृढ़ हो चुकी थीं। इन विभिन्न राजवंशों में एकता का अभाव था और वे एक-दूसरे को परास्त करने के लिए सदैव तत्पर रहते थे। गोरी को भारतीय शासकों की इन दुर्बलताओं की पूरी जानकारी थी। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था। परन्तु इसके लिए मार्ग की पहली बाधा - पृथ्वीराज को हटाना आवश्यक था।

लाहौर पर अधिकार करने के बाद गोरी ने सरहिन्द (तबर हिन्द) पर भी अधिकार कर लिया। उसने इस दुर्ग की रक्षा के लिए काजी जियाउद्दीन को बारह हजार सैनिकों के साथ नियुक्त किया। सरहिन्द के दुर्ग पर मुसलमानों का अधिकार हो जाने से चौहान राज्य की सुरक्षा के लिए गम्भीर संकट उत्पन्न हो गया। अतः पृथ्वीराज ने अपने दिल्ली के सामन्त गोविन्दराज के साथ सरहिन्द की तरफ कूच किया। उसका ध्येय यहाँ से गोरी की सेना को खदेड़ कर दुर्ग को अपने अधिकार में लेना था। गोरी को पृथ्वीराज की गतिविधियों की जानकारी मिल गई। उसने वापस गजनी लौटने का विचार त्याग दिया और आगे बढ़कर पृथ्वीराज से मोर्चा लेने का निश्चय किया। तदनुसार गोरी आगे बढ़ा और तराइन के ऐतिहासिक मैदान में दोनों सेनाएँ एक-दूसरे के सामने आ डटी।

युद्ध के आरम्भ से ही चौहानों का पलड़ा भारी रहा। उन्होंने मुस्लिम सेना पर दोनों ओर से भयंकर आक्रमण किया जिससे मुस्लिम सेना में खलबली मच गई। परन्तु ऐसी स्थिति में भी गोरी हताश नहीं हुआ और वह अपनी सम्पूर्ण शक्ति के साथ राजपूतों पर टूट पड़ा। गोरी ने पृथ्वीराज के सामन्त दिल्ली के गोविन्दराज के ऊपर भाले का जोरदार प्रहार किया जिससे उसके दो दाँत टूट गये। परन्तु गोविन्दराज ने साहस नहीं खोया और उसने अपनी पूरी ताकत के साथ गोरी पर कटारी का वार करके उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। कुछ समय बाद ही गोरी अचेत हो गया और अपने घोड़े से गिरने वाला ही था कि उसके एक स्वामिभक्त खलजी सैनिक ने उसे देख लिया। वह कूदकर गोरी के पीछे चढ़ गया और सुल्तान को अश्व सहित सुरक्षित युद्धभूमि से बाहर ले आया। गोरी के पलायन करते ही मुस्लिम सेना के जल्दी ही पैर उखड़ गये और वह भाग खड़ी हुई। राजपूतों ने भागती हुई मुस्लिम सेना का पीछा नहीं किया जिससे वह भारी क्षति से बच गई। कुछ दिनों बाद राजपूतों ने तबर हिन्द पर आक्रमण किया और दुर्ग पर अपना अधिकार जमा लिया। गोरी केसेनानायक काजी जियाउद्दीन को बन्दी बनाकर अजमेर लाया गया परन्तु बाद में उसे सम्मान सहित रिहा कर दिया गया।


• तराइन का प्रथम युद्ध यद्यपि पृथ्वीराज की सैनिक सफलता का चरमोत्कर्ष था, तथापि इस अवसर पर उसकी नीति की अधिकांश इतिहासकारों ने आलोचना की है। युद्ध स भागती हुई मुस्लिम सेना का पीछा न करना, एक गंभीर भूल थी। इसी प्रकार, काजी जियाउद्दीन को भेंट-उपहार देकर रिहा करना भी उचित नहीं था क्योंकि ऐसी उदारता का मेल न तो सैनिक नियमों से था और न मुस्लिम युद्ध-प्रणाली से। मुहम्मद गोरी के लिए तराइन का युद्ध एक महान् अपमानजनक घटना थी। वह इस पराजय को भूल नहीं सका और प्रतिशोध लेने के लिए सैनिक तैयारी में जुट गया।


तराइन का दूसरा युद्ध (1192 ई.)-

सालभर की तैयारी के बाद लगभग 1,20,000 चुने हुए घुड़सवारों की एक विशाल सेना के साथ मुहम्मद गोरी ने पुनः भारत में प्रवेश किया। लाहौर और मुल्तान के रास्ते से वह पुन: तराइन के मैदान में आ डटा। ताजुलमआसिर में लिखा है कि गोरी ने रुक्नुद्दीन हमजा को अपना दूत बनाकर पृथ्वीराज के पास अजमेर भेजा। उसने दूत के माध्यम से संदेश भिजवाया कि वह (पृथ्वीराज) इस्लाम स्वीकार करके उसकी (गोरी की) अधीनता स्वीकार कर ले। पृथ्वीराज ने प्रत्युत्तर में गोरी को कहला भेजा कि वह चुपचाप वापस लौट जाय अन्यथा उसे भयंकर हानि उठानी पड़ेगी। इसके बाद पृथ्वीराज ने भी अपनी विशाल सेना सहित तराइन की तरफ कूच किया। पृथ्वीराज की विशाल सेना को देखकर गोरी कुछ घबरा गया और उसने कूटनीति से कार्य किया। उसने पुनः पृथ्वीराज के पास अपना दूत भेजकर कहलवाया कि वह अपने बड़े भाई की आज्ञा से आया है, अतः आगे की कार्यवाही के लिए उसी से आज्ञा लेना जरूरी है। मैं उनके पास सन्देश भेज रहा हूँ, वैसे मैं सन्धि में रुचि रखता हूँ। इस प्रकार, गोरी ने सन्धि-वार्ता के बहाने पृथ्वीराज को भुलावे में रखने का प्रयास किया।

पृथ्वीराज ने गोरी की बातों का विश्वास कर लिया और सम्पूर्ण हिन्दू सेना विश्राम करने लगी। दूसरी तरफ गोरी ने अत्यधिक गोपनीयता के साथ तैयारी की। उसने दस-दस हजार अश्वारोहियों के चार दल तैयार किये और चारों को अलग-अलग दिशाओं की ओर बेखबर चौहान सेना पर अचानक तेजी के साथ आक्रमण करने को कहा। चारों अश्वारोही दलों को रात्रि में चुपचाप आगे बढ़ना था। राजपूतों को भुलावे में रखने के लिए गोरी ने अपने पदाति सैनिकों को रात भर तम्बुओं के बाहर अलाव जलाकर जश्न मनाने को कहा ताकि राजपूत यह समझें कि मुस्लिम सेना अपने डेरों में ही है। इसके बाद गोरी अपने बचे हुए पदाति सैनिकों को लेकर काफी लम्बा चक्कर लगाकर सूर्योदय के बहुत पहले पृथ्वीराज की सेना के पिछवाड़े जा पहुँचा। तब तक उसके अश्वारोही सैनिक भी चारों दिशाओं से चौहान सेना के काफी निकट आ चुके थे। सुबह होते ही गोरी के आदेशानुसार मुस्लिम सेना ने चारों तरफ से पृथ्वीराज की सेना पर आक्रमण कर दिया। इस समय बहुत से हिन्दू सैनिक शौचादि कार्यों से लौटे ही थे और बहुत से स्नानादि में लगे थे। उन्हें इस समय आक्रमण का अंदेशा नहीं था। अत: मुस्लिम आक्रमण के साथ ही चौहान सेना में खलबली मच गई। पृथ्वीराज ने हाथी पर सवार होकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया और तीन-चार घंटों के भयंकर संघर्ष के बाद वह हाथी को छोड़कर घोड़े़ पर सवार होकर शत्रु का मुकाबला करने लगा।

दिन के तीसरे पहर तक चौहान सेना थककर चूर हो गई। तभी गोरी ने अपनी सम्पूर्णशक्ति के साथ आक्रमण किया। इस अन्तिम प्रहार को चौहान सेना न झेल सकी। पृथ्वीराज ने परिस्थिति को प्रतिकूल देखकर युद्धभूमि से पलायन करने का निश्चय किया और सिरसा की तरफ भाग गया। परन्तु दुर्भाग्य से वह पकड़ा गया और बाद में मौत के घाट उतार दिया गया।गोविन्दराज तथा अन्य बहुत-से प्रसिद्ध सामन्त हजारों सैनिकों के साथ वीरगति को प्राप्त हुए। हसन निजामी के अनुसार लगभग एक लाख हिन्दू सैनिक मारे गए। तराइन का दूसरा युद्ध निर्णायक सिद्ध हुआ। गोरी ने पृथ्वीराज को परास्त कर अपनी पिछली पराजय का बदला ले लिया। इस विजय के फलस्वरूप हांसी, सिरसा, समाना, कोहराम, अजमेर तथा दिल्ली तक के विस्तृत क्षेत्र पर मुसलमानों का अधिकार हो गहै।इन प्रबन्ध चिन्तामणि' तथा अन्य हिन्दू मुस्लिम साक्ष्यों में पृथ्वीराज की जीवन-लीला के अन्त के विभिन्न प्रकार के विवरण मिलते हैं। रासो के अनुसार गोरी उसे अपने साथ गजनी ले गया और वहाँ उसे अन्धा कर दिया बाद में उसका राजकवि चन्दबरदाई भी गजनी पहुँचा और उसने सुल्तान को पृथ्वीराज की शब्द-भेदी बाण चलाने की कला देखने के लिए राजी कर लिया। इस अवसर पर चन्दबरदाई ने कविता के माध्यम से ऊँचे सिंहासन पर बैठे गोरी की सही स्थिति बतला दी और पृथ्वीराज ने उस स्थिति का लक्ष्य साध कर एक ही तीर से गोरी को मार गिराया।  तत्काल बाद पृथ्वीराज और चन्दबरदाई ने एक-दूसरे को समाप्त कर दिया। परन्तु रासो  यह विवरण ऐतिहासिक दृष्टि से सही नहीं माना जा सकता क्योंकि गोरी लम्बे समय तक जीवित रहा था। 'हम्मीर महाकाव्य', 'पृथ्वीराज प्रबन्ध' तथा अन्य साक्ष्यों में गोरी द्वारा पृथ्वीराज को बन्दी बनाने तथा बाद में उसका वध किये जाने का विवरण मिलता है, जबकि 'विरुद्ध विधि विद्ववंश' में उसके युद्धभूमि में वीरगति प्राप्त करने का उल्लेख है। हसन निजामी के अनुसार पृथ्वीराज को बन्दी बनाकर रखा गया परन्तु जब सुल्तान को पता चला कि वह उसके विरुद्ध षड़यन्त्र रचने में लगा हुआ है, तो उसे मरवा डाला। मिनहाज के अनुसार युद्धभूमि से भागकर जाने के बाद वह पकड़ा गया और उसे बाद में मौत के घाट उतार दिया गया। डॉ. दशरथ शर्मा और डॉ. गोपीनाथ शर्मा दोनों का मत है कि सम्भवतः पृथ्वीराज को अजमेर लाया गया और वहाँ उसे सुल्तान के करद सामन्त के रूप में शासन करने को कहा गया। इसी स्थिति पृथ्वीराज ने गोरी के विरुद्ध षड्यन्त्र रचा हो जिससे कुपित होकर गोरी ने उसको मरवा डाला। गोरी द्वारा जारी की गई मुद्राओं से भी कुछ ऐसा ही अनुमान लगाया जा सकता है।इन मुद्राओं के एक ओर पृथ्वीराज का और दूसरी ओर मुहम्मद साम का नाम अंकित है। गोरी द्वारा पृथ्वीराज के पुत्र को अपने आश्रित शासक के रूप में अजमेर का सिंहासन देना भी इसी तथ्य को मजबूत करता है।


पृथ्वीराज की पराजय के कारण- 

पृथ्वीराज की पराजय के लिए कई कारण उत्तरदायी थे। पहला कारण तो उसकी भोग-विलासिता और शासन कार्यों के प्रति उदासीनता था। साहित्यिक साक्ष्यों से पता चलता है कि जिस समय उसको जागरूक रहकर अपने शासकीय कर्त्तव्य का पालन करना चाहिए था, उस समय वह शृंगार रस में डूबा हुआ था। में संयोगिता अपहरण उसकी रसिकता एवं भोग-विलासिता का ज्वलन्त उदाहरण है। उसके इस कृत्य ने न केवल जयचन्द को अपितु कुछ अन्य शासकों को भी उसका विरोधी बना दिया और उन्होंने गोरी के विरुद्ध उसे किसी प्रकार का सहयोग नहीं दिया।

पराजय का दूसरा प्रमुख कारण युद्ध कला में गोरी की तुलना में उसकी कम योग्यता थी। डॉ. दशरथ शर्मा के मतानुसार, "युद्धकला में भी वह मोहम्मद गोरी से कुछ भी न्यून था।" गोरी एक निपुण तथा चालाक सेनानायक था। उसने प्रारम्भ में ही छलकपट का सहारा लिया और संधि-वार्ता के बहाने पृथ्वीराज को असावधान बना दिया। युद्ध के पूर्वउसने अपनी सेना को योजनाबद्ध ढंग से विभाजित किया और सभी टुकड़ियों को आवश्यक निर्देश दिये। उसका उद्देश्य पृथ्वीराज की सेना में खलबली तथा अव्यवस्था उत्पन्न करके उसे पराजित करना था। इसीलिए उसने प्रात: होते ही ऐसे समय पर अचानक आक्रमण किया जबकि राजपूत सैनिक अपने नित्य-कर्म से निवृत्त होने में लगे हुए थे। ऐसी स्थिति में उन्हें संगठित एवं व्यवस्थित होकर लड़ने का अवसर ही नहीं मिल पाया और वे परास्त हो गये।


पृथ्वीराज की पराजय का एक कारण गोरी की तुलना में कम सैनिक जुटा पाना था। साहित्यिक साक्ष्यों से पता चलता है कि उसका एक सेनानायक स्कन्द किसी दूसरी दिशा में गया हुआ था और वह समय पर तराइन नहीं पहुंच पाया। उसका एक अन्य सेनानायक उदय भी समय पर राजधानी से रवाना न हो सका। सीमान्त चौकियों के चौहान सैनिक दस्तों को भी तराइन पहुँचने का संदेश भिजवाया गया था, परन्तु अधिकांश सैनिक समय पर तराइन नहीं पहुँच सके थे। अत: तराइन के दूसरे युद्ध में पृथ्वीराज के पास पर्याप्त सैनिकों का अभाव था जबकि गोरी एक विशाल सेना के साथ पहले से ही डेरा जमाये बैठा था।


कुछ साहित्यिक रचनाओं में पृथ्वीराज की पराजय का कारण किसी-न-किसी प्रकार की धोखेबाजी बतलाया गया है, परन्तु इस प्रकार के विवरण उसकी पराजय को छिपाने के लिए दिये गये हैं, अन्यथा ऐतिहासिक दृष्टि से उन्हें विश्वसनीय नहीं माना जा सकता। उसकी पराजय का वास्तविक कारण गोरी की चालों को न समझ पाना था। यदि उसने जागरूक रह कर गोरी की गतिविधियों पर गिद्ध दृष्टि रखी होती तो उसे अचानक आक्रमण के घातक परिणाम न भुगतने पड़ते।

पृथ्वीराज का मूल्यांकन- 

चौहानवंशी शासकों में पृथ्वीराज तृतीय का महत्त्वपूर्ण स्थान है। वह वीर, सुन्दर, साहसी और सैनिक प्रतिभाओं से युक्त शासक था। वह विद्वानों तथा कलाकारों का आश्रयदाता था। 'पृथ्वीराज विजय' का रचयिता जयानक, 'पृथ्वीराज रासो' का लेखक चन्दबरदाई, वागीश्वर, जनार्दन, आशाधर, पृथ्वीभट्ट आदि अनेक विद्वान, कवि एवं साहित्यकार उसकी राजसभा की शोभा बढ़ाते थे। पृथ्वीराज एक रसिक व्यक्ति था। उपर्युक्त मुणों के आधार पर इतिहासकार उसे एक अत्यधिक प्रतिभावान और रहस्यमय शासक मानते हैं।


अपने शासन के प्रारम्भिक काल में उसने शानदार सैनिक सफलताएँ प्राप्त कर अपने आप आपको एक महान सेनानायक एवं विजयी सम्राट सिद्ध कर दिखाया। उसने न केवल विरासत में प्राप्त राज्य की सीमाओं का ही विस्तार किया अपितु आंतरिक विद्रोहों एवं उपद्रवों का * दमन कर समूचे राज्य में शान्ति एवं व्यवस्था स्थापित करके उसे सुदृढ़ता भी प्रदान की। परन्तु इतना होते हुए भी उसमें अनेक दोष थे। उसमें कूटनीतिक सूझ-बूझ की कमी थी और वह राजनीतिक अहंकार से पीड़ित था। उसने दिग्विजय की नीति को अपनाकर अपने पड़ौसी कम शासकों को अपना शत्रु बना लिया। व्यक्तिगत प्रतिष्ठा अर्जित करने की लालसा में वह यह भूल गया कि पहले विदेशी शत्रु की समुचित व्यवस्था करना आवश्यक है और पड़ौसी राज्यों की सैनिक सहायता के बिना इस ध्येय की पूर्ति एक दुष्कर कार्य था। इस सन्दर्भ डॉ. सत्यप्रकाश ने ठीक ही लिखा है कि, “उसने मुस्लिम आक्रमण को कभी भी गम्भीरता से नहीं लिया। तराइन के प्रथम युद्ध में उसे सफलता मिली थी परन्तु अवसर का लाभ उठाकर भागती हुई मुस्लिम सेना का पीछा कर उसे नष्ट करने का प्रयास नहीं किया और न ही आगे बढ़कर पंजाब पर अधिकार करने का ही प्रयत्न किया। इसके विपरीत वह भोग-विलास तथा विजयोत्सव में डूब गया। इसी प्रकार, तराइन के दूसरे युद्ध के पूर्व वह गोरी की कपटपूर्ण नीति को समझने में असफल रहा। उसने अपनी गुप्तचर व्यवस्था को सक्षम बनाने की तरफ भी विशेष ध्यान नहीं दिया। परिणाम यह निकला कि उसे गौरी सैनिक शिविर की गतिविधियों की सूचना नहीं मिल पाई और गोरी ने उसे असावधान स्थिति में अचानक दबोच लिया। इन त्रुटियों के कारण ही उसका सर्वनाश हुआ। डॉ. दशरथ शर्मा, लिखते हैं कि, “उसको (पृथ्वीराज को) सैनिक भूलों के लिए क्षमा नहीं किया जा सकता। तराइन के युद्ध के ठीक पहले उसके आचरण न तो एक सुयोग्य योद्धा के थे, एक सेनानायक के वरन् एक नये सिखतड़ के थे।" वस्तुतः पृथ्वीराज चौहान अवसर के अनुकूल खरा नहीं उतर पाया। इसलिए उसे अपने युग का महान् शासक कहने से पहले उसके उपर्युक्त दोषों को ध्यान में रखना आवश्यक होगा।

पृथ्वीराज के उत्तराधिकारी-  

'हम्मीर-महाकाव्य' और 'विरुद्ध विधि विद्ववंश' का कथन है कि पृथ्वीराज तृतीय के बाद उसका छोटा भाई हरिराज चाहमान सिंहासन पर बैठा। परन्तु हसन निजामी का कथन है कि गोरी ने पृथ्वीराज के स्थान पर उसके पुत्र गोविन्दराज को अजमेर के सिंहासन पर बैठाया। गोविन्दराज ने उसके बदले में गोरी के प्रति स्वामिभक्त बने रहने का वचन दिया तथा बहुमूल्य उपहार भी उसे भेंट करने पड़े। ऐसा प्रतीत होता है कि गोविन्दराज का आचरण चौहान सरदारों को पसन्द नहीं आया और गोरी के लौटते ही हरिराज ने चौहान सरदारों की सहायता से गोविन्दराज को सिंहासन से हया दिया और स्वयं अजमेर का राजा बन गया। इसके बाद हरिराज ने चौहान राज्य के क्षेत्रों पर पुनः अपनी सत्ता स्थापित करने का प्रयत्न किया। परन्तु हांसी के निकट गोरी के सेनानायक कुतुबुद्दीन ऐबक जिसे गोरी अपने नवविजित भारतीय प्रदेशों की देखभाल के लिए नियुक्त कर गया था, ने चौहानों को परास्त करके खदेड़ दिया। हरिराज के सैनिकों द्वारा दिल्ली पर पुनः अधिकार करने का प्रयत्न भी विफल रहा। हरिराज के विरोध के कारण गोविन्दराज को अजमेर से भाग कर रणथम्भौर में शरण लेनी पड़ी। कहा जाता है कि ऐबक ने हरिराज को अजमेर से खदेड़ कर पुन: गोविन्दराज को सिंहासन पर बैठाया। परन्तु ऐबक के लौटते ही हरिराज ने पृथ्वीराज के पुत्र को हटाकर पुनः अजमेर पर अधिकार कर लिया।


शुक्रवार, 10 जून 2022

पृथ्वीराज तृतीय की विजयें

Photo: Google

पृथ्वीराज की प्रारंभिक विजयें- पृथ्वीराज तृतीय को अल्पवयस्क देखकर चौहानों के करद् भण्डानकों ने विद्रोह कर दिया था। अत: उनका दमन करना आवश्यक था। परन्तु इससे भी गम्भीर समस्या नागार्जुन ने उत्पन्न कर दी थी। वह विग्रहराज चतुर्थ का लड़का था। उसने गुड़गाँव (गुड़पुर) पर अधिकार कर लिया और अब पृथ्वीराज तृतीय से चौहान सिंहासन छीनने की तैयारी में जुटा हुआ था। इस प्रकार, सिंहासन में पर बैठते ही अल्पवयस्क पृथ्वीराज चौहान को बाह्य तथा आन्तरिक- दोनों शत्रुओं से लोहा लेना था। उसने सर्वप्रथम आन्तरिक शत्रुओं को परास्त कर चौहान राज्य को एकसूत्र में बाँधकर केन्द्रीय शक्ति को सबल बनाने का निश्चय किया। इस पर पृथ्वीराज तृतीय ने अपने मुख्यमंत्री कदम्बवास की देख-रेख में एक विशाल सेना के साथ नागार्जुन के केन्द्र गुड़गाँव पर आक्रमण किया। उसकी सेना ने गुड़गाँव के दुर्ग को चारों तरफ से घेर लिया। नागार्जुन तो किसी प्रकार से भाग निकला परन्तु उसी माँ, पत्नी और बच्चे तथा परिवार के अन्य सदस्य पकड़ लिये गये। नागार्जुन के अनेक सैनिकों तथा कर्मचारियों को बन्दी बनाकर अजमेर लाया गया जहाँ उन्हें मौत के घाट उतारा गया और उनके कटे हुए सिर अजमेर दुर्ग के फाटकों पर लटका दिये गये। ऐसा भावी राजद्रोहियों को चेतावनी के तौर पर किया गया था।

अल्पवयस्क पृथ्वीराज के राजा बनने पर, अवसर का लाभ उठाते हुए भण्डानकों ने विद्रोह कर दिया जिससे चौहान राज्य की उत्तरी सीमा असुरक्षित हो गई। नागार्जुन के विद्रोह का दमन करने के उपरान्त पृथ्वीराज ने भण्डानकों की तरफ ध्यान दिया और 1182 ई. के आस-पास उसने उन पर जबरदस्त आक्रमण कर दिया। उनकी बस्तियों को उजाड़ दिया गया और सैकड़ों को मौत के घाट उतार दिया गया। हजारों भण्डानक उत्तर की ओर भाग गये। शेष ने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद के समय में एक शक्ति के रूप में उनका उल्लेख नहीं मिलता।

पृथ्वीराज तृतीय की दिग्विजय- अपनी प्रारम्भिक सफलताओं से प्रोत्साहित होकर पृथ्वीराज ने विस्तारवादी नीति (दिग्विजय) को अपनाने का निश्चय किया। इसके लिए परिस्थितियाँ भी अनुकूल थीं और देश को भी एक सशक्त शासक की आवश्यकता थी जो अपनी शक्ति तथा नेतृत्व के बल पर मुसलमानों की विस्तारवादी नीति पर अंकुश लगा सके। इसके लिए उसे उत्तर में मुसलमानों को, दक्षिण में चालुक्यों को तथा पूर्व में चन्देलों और गहड़वालों को पराजित करना जरूरी था; क्योंकि ये सभी शक्तियाँ भी उत्तरी भारत को अपने-अपने नियन्त्रण में लाने के लिए तत्पर थीं।

जैजाकभुक्ति की विजय- भण्डानकों के विद्रोह का दमन करने के पश्चात् पृथ्वीराज ने चन्देलों पर आक्रमण करने का निश्चय किया। इस समय चन्देलों का राज्य काफी विस्तृत था जिसमें बुन्देलखण्ड, जैजाकभुक्ति, महोबा आदि सम्मिलित थे। 1182 ई. में पृथ्वीराज ने चन्देलों पर आक्रमण किया। पृथ्वीराज रासो तथा आल्हाखण्ड से पता चलता है कि चौहानों ने चन्देलों की राजधानी महोबा पर विजय प्राप्त की जिसमें परमादी की ओर से आल्हा ऊदल एवं कन्नौज की सेना ने भाग लिया था। इन गल्प काव्यों में कितना ऐतिहासिक सत्य है, यह निश्चित करना कठिन है, परन्तु इतना निश्चित है कि पृथ्वीराज ने चन्देलों को अवश्य पराजित किया। पराजित परमादी को संधी करनी पड़ी। पृथ्वीराज ने चन्देल राज्य को अपने राज्य में नहीं मिलाया केवल कुछ सीमा गाँवों को ही अपने राज्य में मिलाया। डॉ. गोपीनाथ शर्मा का भी मत है कि "चौहान इस विजय से स्थाई लाभ न उठा सके। चन्देलों ने अपनी भूमि को पुनः ले लिया। चन्देलों और गहड़वालों पृथ्वीराज के लिए एक सैनिक व्यय का कारण बन गया। यह विजय आर्थिक दृष्टि पृथ्वीराज के लिए महँगी पड़ी और साथ-ही-साथ चन्देल उसके शत्रुओं की नामावली में गिने जाने लगे।"

गुजरात पर आक्रमण-  गुजरात के चालुक्यों और सपादलक्ष के चौहानों के मध्य अनुसार लम्बे समय से संघर्ष चला आ रहा था। पृथ्वीराज के पिता सोमेश्वर के शासनकाल में दोनों के मध्य मैत्रीपूर्ण सम्बन्ध बने रहे, क्योंकि सोमेश्वर का लालन-पालन अपने ननिहाल गुजरात में ही हुआ था। पृथ्वीराज चौहान के समय में दोनों राजवंशों में पुनः संघर्ष शुरू हो गया। वस्तुतः चौहानों और चालुक्यों के मध्य संघर्ष का मुख्य कारण दोनों राज्यों की विस्तारवादी नीति थी। चालुक्यों का राज्य नाडौल तथा आबू तक फैला हुआ था। दूसरी तरफ, पृथ्वीराज चौहान के राज्य की सीमाएँ भी नाडौल तथा आबू तक जा पहुँची थीं। गुजरात के चौहानों को भी अपनी अधीनता में लाने को उत्सुक थे, जबकि पृथ्वीराज अपनी स्वतन्त्र सत्ता विकास करना चाहता था। ऐसी स्थिति में दोनों पक्षों के मध्य संघर्ष होना स्वाभाविक था। साहित्यिक रचनाओं एवं शिलालेखों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि 1184 के आस-पास दोनों पक्षों में अनिर्णायक युद्ध लड़ा गया परन्तु 1187 ई. के आस-पास दोन पक्षों में मैत्री सम्बन्ध स्थापित हो गये थे।


गहड़वालों के साथ संघर्ष - परम्पराओं के अनुसार पृथ्वीराज चौहान का कन्नौज के गहड़वाल नरेश जयचन्द के साथ भी युद्ध हुआ। परन्तु यह युद्ध कब, क्यों और किन कारणों से हुआ, इसका स्पष्ट उत्तर देना सम्भव नहीं है। 'पृथ्वीराज रासो' के अनुसार, "दिल्ली के राजा अनंगपाल की मृत्यु के बाद उसका नाती पृथ्वीराज- तृतीय उसका उत्तराधिकारी बना। उसका समकालीन शासक जयचन्द भी अत्यधिक शक्तिशाली था। उसने अनेक युद्धों में विजयश्री प्राप्त कर राजसूय यज्ञ का आयोजन किया और इसी अवसर पर अपनी पुत्री संयोगिता के स्वयंवर की भी घोषणा की। इसमें भाग लेने के लिए अनेक राजाओं को आमन्त्रित किया गया। पृथ्वीराज को अपमानित करने की दृष्टि से उसे निमन्त्रित नहीं किया गया और उसकी मूर्ति बनवाकर द्वारपाल के स्थान पर रख दी गई। संयोगिता पहले से ही पृथ्वीराज से विवाह करना चाहती थी। पृथ्वीराज अपने चुने हुए सामन्तों एवं सैनिकों के साथ छिपकर घटनास्थल पर पहुँच गया। ज्यों ही संयोगिता ने पृथ्वीराज की मूर्ति के गले में वरमाला डाली, पृथ्वीराज किसी युक्ति से संयोगिता को उठाकर ले गया। कन्नौज की सेना ने उन दोनों को पकड़ने का अथक प्रयास किया परन्तु वे सकुशल अजमेर पहुँच गये और वहाँ विवाह किया।

अधिकांश विद्वानों ने संयोगिता की कहानी को अविश्वसनीय माना है। शिलालेखों से विदित होता है कि 1164 ई. के पूर्व विग्रहराज चतुर्थ ने दिल्ली पर अधिकार कर लिया था। इसलिए रासो की यह बात असत्य है कि दिल्ली के अनंगपाल की मृत्यु के बाद पृथ्वीराज उसका उत्तराधिकारी बना। डॉ. ओझा, डॉ. त्रिपाठी आदि विद्वान पृथ्वीराज और जयचन्द की परस्पर लड़ाई और संयोगिता स्वयंवर की कथा को काल्पनिक मानते हैं। उनका तर्क है कि पृथ्वीराज के युग में राजसूय यज्ञ और स्वयंवर-प्रथा समाप्त हो चुकी थी। इसके विपरीत डॉ. दशरथ शर्मा ने संयोगिता प्रकरण की ऐतिहासिकता को सिद्ध करने का प्रयास किया है। इसी प्रकार डॉ. गोपीनाथ शर्मा का मत है कि परम्परा से मान्यता प्राप्त इस घटना पर सन्देह करना ठीक नहीं।


मुसलमानों से संघर्ष- तबकाते- नसीरी के अनुसार 1173 ई. में मुहम्मद गोरी को गजनी का गवर्नर नियुक्त किया गया और इसके दो वर्ष बाद ही उसने भारत पर प्रथम अभियान किया। उसने बिना किसी प्रतिरोध के मुल्तान पर अधिकार कर लिया और उच्च के राजपूत शासक को षड्यन्त्र द्वारा मारकर इस प्रदेश पर भी अधिकार कर लिया। इन प्रारम्भिक सफलताओं से प्रोत्साहित होकर 1178 ई. में उसने गुजरात पर आक्रमण किया, परन्तु आव के निकट गुजरात के चालुक्यों ने इसे बुरी तरह पराजित कर दिया। परन्तु गोरी इस पराजय से हताश होने वाला व्यक्ति नहीं था। अब उसने पंजाब को जीतने का निश्चय किया और 1186 ई. तक वह पंजाब को अधिकृत करने में सफल रहा। पंजाब-विजय के पूर्व गोरी सम्पूर्ण सिन्ध प्रान्त को जीत चुका था।


गोरी की विजयों के परिणामस्वरूप भारत में उसके अधिकृत प्रदेश की सीमाएँ पृथ्वीराज चौहान के राज्य की सीमाओं से जा मिलीं। इससे दोनों पक्षों के मध्य समय-समय पर सीमान्त समस्याएँ तथा संघर्ष होना स्वाभाविक ही था। भारत के भीतरी क्षेत्रों पर अधिकार जमाने के लिए गोरी के लिए दिल्ली और अजमेर को जीतना आवश्यक था, जबकि अपने राज्य को सुरक्षित बनाये रखने के लिए पृथ्वीराज के लिए गोरी को उत्तर-पश्चिम से खदेड़ना आवश्यक था। अतः दोनों में संघर्ष अवश्यम्भावी था। साहित्यिक रचनाओं में पृथ्वीराज और गोरी के मध्य लड़े गये युद्धों की संख्या बढ़ा-चढ़ा कर दी गई है। रासो में दोनों के मध्य 21 मुठभेड़ों का उल्लेख है तो हम्मीर महाकाव्य' में पृथ्वीराज द्वारा गोरी को सात बार हराने की बात कही गई है। इसी प्रकार अन्य ग्रन्थों में भी अतिशयोक्तिपूर्ण संख्याएँ दी गई हैं, जबकि दोनों पक्षों के मध्य एक ही वर्ष के अन्तराल में दो निर्णायक युद्ध लडे़ गए थे।


गुरुवार, 9 जून 2022

प्रारंभिक चौहान शासक और पृथ्वीराज तृतीय

 

चित्र स्रोत: Google

प्रारंभिक चौहान शासक(विग्रहराज से आगे) - 

विग्रहराज तृतीय के बाद उसका पुत्र पृथ्वीराज प्रथम राजा बना। उसने 'परम भट्टारक महाराजाधिराज परमेश्वर' की उपाधि धारण की। वह अपने समय का स्वतंत्र और शक्तिशाली शासक था। उसका उत्तराधिकारी पुत्र अजयराज भी अपने समय का पराक्रमी राजा सिद्ध हुआ। अजयराज ने अजमेर नगर को बसाया जो बाद में चौहान साम्राज्य की राजधानी बना। 'पृथ्वीराज विजय' में अजयराज को गजनी पर विजय का श्रेय दिया गया है परंतु इस कथन की सत्यता में संदेह है। अजयराज का उत्तराधिकारी अर्णोराज(लगभग 1133 से 1155 ई.तक) हुआ।

अर्णोराज ने अजमेर के निकट तुरूष्कों(मुसलमानों) को परास्त किया। अर्णोराज के पुत्र जगदेव ने उसकी हत्या कर दी और सिंहासन पर अधिकार कर लिया। थोडे़ समय बाद जगदेव के छोटे भाई विग्रहराज ने उसकी हत्या कर दी और विग्रहराज चतुर्थ के नाम से सिंहासनारूढ़ हुआ। इसने तोमरों और मुसलमानों को हराकर दिल्ली और पंजाब के कुछ क्षेत्रों को अपने राज्य में मिला लिया। विग्रहराज चतुर्थ के बाद अपर-गांगेय शासक बना परन्तु कुछ समय बाद युवावस्था में ही उसकी मृत्यु हो गई। उसके बाद पृथ्वीराज द्वितीय राजा बना। पृथ्वीराज द्वितीय के बाद अर्णोराज का सबसे छोटा पुत्र सोमेश्वर चौहानों का राजा बना।

सोमेश्वर का विवाह त्रिपुरी के शासक अचल की पुत्री कर्पूरीदेवी के साथ हुआ। इससे सोमेश्वर को दो पुत्र उत्पन्न हुए- पृथ्वीराज और हरिराज। सोमेश्वर ने 1177 ई. तक शासन किया।


            पृथ्वीराज तृतीय(1177 - 1192 ई.)

सोमेश्वर की मृत्यु के बाद पृथ्वीराज तृतीय चाहमान-वंश का राजा हुआ। उस समय तक सपादलक्ष के चौहानों ने सांभर के स्थान पर अजमेर को अपनी नई राजधानी बना लिया था। भौगोलिक एवं सामरिक दृष्टि से अजमेर काफी सुरक्षित था। इसी को केन्द्र बनाकर पृथ्वीराज तृतीय ने चौहान शक्ति को अपने चरमोत्कर्ष पर पहुँचा दिया। यह महज संयोग की बात थी कि उसी के साथ चौहान शक्ति का पतन भी हुआ। 

पृथ्वीराज तृतीय की जन्म तिथि विवादास्पद है। 'पृथ्वीराज विजय' नामक ग्रन्थ के अनुसार उसका जन्म वि. सं. 1223 के ज्येष्ठ मास की द्वादशी को हुआ था। इस हिसाब से सिंहासन पर बैठने के समय उसकी आयु लगभग 11 वर्ष की थी। अतः प्रारम्भ में उसने अपनी माता कर्पूरीदेवी के कुशल संरक्षण में शासन प्रारम्भ किया। कर्पूरीदेवी ने सोमेश्वर के मन्त्रियों तथा अधिकारियों को उनके पुराने पदों पर कायम रखा। इस काल में उसका मुख्यमंत्री कदम्बवास था जो अत्यधिक विद्वान, कुशल शासक और स्वामिभक्त व्यक्ति था। पृथ्वीराज की प्रारम्भिक विजयों का श्रेय उसी को जाता है। बाद के ग्रन्थों का यह विवरण कि उसकी हत्या पृथ्वीराज तृतीय ने की, काफी विवादास्पद है। डॉ. गोपीनाथ का मत यह है कि महत्त्वाकांक्षी पृथ्वीराज ने 1178 के आस-पास ही शासन के सभी काम-काज अपने हाथ में ले लिये थे।

तत्कालीन परिस्थितियाँ- पृथ्वीराज तृतीय का प्रारम्भिक काल देश की राजनैतिक उथल-पुथल का समय था। भारत के उत्तर-पश्चिम की ओर से मुहम्मद गोरी के नेतृत्व में मुसलमानों का दबाव बढ़ता जा रहा था और भारत में एक सबल केन्द्रीय सत्ता का सर्वथा अभाव था। समूचे देश में विविध हिन्दू राजवंशों तथा कुछ प्रदेशों पर मुस्लिम राजवंशों का शासन था और ये सभी आपसी संघर्ष में डूबे हुए थे। उत्तर-पश्चिम भारत में तीन मुस्लिम राज्य थे— सिन्ध, मुल्तान और पंजाब । उत्तरी भारत में चौहानों के बाद दूसरा शक्तिशाली राज्य गहड़वाल राठौरों का कन्नौज था। वहाँ का शासक जयचन्द चौहानों का प्रतिस्पर्धी था।

1175 ई. के आस-पास मुहम्मद गौरी ने मुल्तान पर आक्रमण कर उसे अधिकृत लिया था और 1178 ई. में उसके चौहान राज्य की सीमा को पार कर गुजरात पर आक्रमण किया, परन्तु उसे पराजित होका वापिस लौटना पड़ा। गोरी के आक्रमण भावी संकट के संकेत दे रहे थे, फिर भी भारत के किसी भी शक्तिशाली हिन्दू शासक ने उसके प्रारम्भिक आक्रमणों का सही मूल्यांकन करने का प्रयास नहीं किया। वे या तो उदासीन रहे अथवा उसके आक्रमणों की उपेक्षा करते रहे और अपने पड़ौसियों को परास्त करने की उधेड़बुन में लगे रहे। पृथ्वीराज तृतीय तथा उसके अधिकारियों ने इस समय गोरी के विरुद्ध कोई कदम न उठा कर गम्भीर भूल की जिसका घातक परिणाम उन्हें बाद में भुगतना पड़ा।

बुधवार, 8 जून 2022

चौहान वंश और उनका राज्य



              हर्षवर्धन की मृत्यु(647 ई.) से लेकर 1200 ई. तक का युग भारतीय इतिहास में विशेष महत्त्व रखता है। इस काल में उत्तर, दक्षिण और सुदूर दक्षिण में अनेक शक्तिशाली राजवंशों का उत्कर्ष और पराभव हुआ। ऐसे राजवंशों में चौहानों का स्थान काफी महत्त्वपूर्ण है। चौहानों ने राजस्थान तथा उसके आस-पास के क्षेत्रों में अपने कई शासन केन्द्र स्थापित कर लिये थे, जिनमें सांभर (शाकम्भरी) अथवा सपादलक्ष के चौहानों ने अपनी शूरवीरता तथा साम्राज्यवादी महत्त्वाकांक्षा के कारण भारतीय इतिहास में अपना एक महत्त्वपूर्ण स्थान बना लिया था।

चौहानों की उत्पत्ति और मूल स्थान- 

चौहानों अथवा चाहमानों की उत्पत्ति तथा उनका मूल स्थान दोनों ही काफी विवादग्रस्त हैं। चन्दबरदाई के 'पृथ्वीराज रासो' तथा चारणों की अनुश्रुतियों में उन्हें 'अग्निकुल' का बताया जाता है, जबकि 'पृथ्वीराज विजय', 'हम्मीर महाकाव्य', 'हम्मीर रासो' के अनुसार वे सूर्यवंशी थे। कर्नल टॉड, डॉ. स्मिथ और क्रुक इत्यादि विद्वान उन्हें विदेशियों की संतान मानते हैं। राजस्थान के सुप्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. दशरथ शर्मा और डॉ. गोपीनाथ शर्मा उन्हें ब्राह्मणों की सन्तान बतलाते हैं।

चौहानों के मूल स्थान के बारे में भी भिन्न-भिन्न मत देखने को मिलते हैं। डॉ. गोपीनाथ शर्मा तथा कुछ अन्य विद्वान जांगल देश (बीकानेर, जयपुर तथा उत्तरी मारवाड़) और सपादलक्ष (सांभर) को चौहानों का मूल स्थान मानते हैं। डॉ. दशरथ शर्मा चित्तौड़ को मूल स्थान मानते हैं। 'पृथ्वीराज विजय', 'हम्मीर महाकाव्य' आदि के अनुसार 'पुष्कर' उनका मूल स्थान था। सम्भवतः सांभर- पुष्कर सीकर का मध्यवर्ती क्षेत्र उनका मूल स्थान रहा होगा।

प्रारंभिक चौहान शासक -

            'हम्मीर महाकाव्य' और 'पृथ्वीराज विजय' के - अनुसार चौहान वंश का संस्थापक चाहमान नामक व्यक्ति था। परन्तु बिजौलिया शिलालेखों के अनुसार वासुदेव नामक व्यक्ति ने सांभर (सपादलक्ष) के चौहान राज्य की नींव रखी थी। उसने सांभर झील का निर्माण करवाया था। डॉ. गोपीनाथ ने उसका शासनकाल 550 ई. के आस-पास माना है। उसके उत्तराधिकारियों के बारे में विस्तृत एवं सही जानकारी नहीं मिलती। उनमें से एक दुर्लभराज प्रथम प्रतिहारों का सामन्त था और प्रतिहार सेनानायक के रूप में उसने गौड़ प्रदेश तक सफल धावे मारे थे। उसका पुत्र और उत्तराधिकारी गूवक प्रथम प्रतिहार सम्राट नागभट्ट द्वितीय का करद् सामन्त था।  गूवक प्रथम(गोविन्दराज) के पश्चात् उसका पुत्र चन्द्रराज द्वितीय और पौत्र गूवक द्वितीय राजा बने। उसके बाद उसका पुत्र चन्दन राज, चन्दन का उत्तराधिकारी वाकपतिराज प्रथम फिर उसका पुत्र सिंहराज।

वाकपतिराज ने महाराज तथा सिंहराज ने महाराजाधिराज की उपाधि धारण की और प्रतिहारों से स्वतंत्र सत्ता की घोषणा की।उसके बाद विग्रहराज द्वितीय, उसके बाद उसका छोटा भाई दुर्लभराज द्वितीय, उसका उत्तराधिकारी गोविन्दराज तृतीय हुआ। उसके बाद वाक्पति राज द्वितीय राजा बना, वाक्पति के बाद वीर्यराम, चामुण्डराय, सिंहघाट, दुर्लभराज तृतीय और उसके बाद उसके भाईयों वीरसिंह और विग्रहराज तृतीय ने शासन किया।

मंगलवार, 29 जून 2021

इतिहास क्या है!


                             


चित्र: गूगल से साभार

यूं तो पृथ्वी के अस्तित्व में आने से लेकर अब तक मानव की बीती विशेष घटनाओं को ही इतिहास कहा जा सकता है। वे घटनाएं जो कालक्रमानुसार प्राचीन से नवीन की ओर हमारा ज्ञान कराती है, उन्हें इतिहास कहा जा सकता है। परंतु इतिहास केवल और केवल घटनाओं को जानने का काम नहीं करता है। सारी घटनाओं को इतिहास भी नहीं कहा जा सकता है। वे घटनाएं जो मनुष्य के अतीत से जुडी़ हैं उनसे हम हमारे वर्तमान में सीखकर भविष्य को सुंदर बना सकें वह इतिहास है। अक्सर लोग मान लेते हैं की इतिहास में तिथियों और राजाओं की कहानियों का अध्ययन किया जाता है। पर ऐसा नहीं है, इतिहास पढ़ने के दौरान हमें कई बातों का ध्यान रखना पड़ता है। समय रेखा के जिस बिंदु पर या जिस वक्त का हम अध्ययन कर रहे हैं उस देशकाल में हमें उसकी सामाजिक, आर्थिक, राजनीति तथा धर्मादि स्थिति से रू-ब-रू होना जरूरी है। उस समय जन और और राज्य के बीच संबंध, कला, वास्तु, संगीत, साहित्य, महिलाओं की स्थिति, शिक्षा, विज्ञान आदि अनेक विषय हैं जिनकी जानकारी होनी जरूरी है। फिर एक और जरूरी बात आती है कि हम जो पढ़ रहे हैं किसी पूर्वाग्रह से ग्रस्त होकर तो नहीं पढ़ रहे हैं या फिर जिस लेखक नें लिखा है उसके पूर्वाग्रह तो उस किताब के भीतर से हमारे अंदर नहीं आ रहे हैं।

हम जब इतिहास को पढ़ने जाते हैं तो हमें अपने राजनैतिक, धार्मिक तथा वैचारिक पूर्वाग्रहों को ठीक उसी तरह त्याग देना चाहिए जैसे घुसलघाने में स्नान करने जाने से पूर्व हम अपने वस्त्रों का त्याग करते हैं। तत्पश्चात हमें यह भी ध्यान में रखना आवश्यक है कि जैसे हम भारत का इतिहास पढ़ रहे हैं तो स्वतंत्रता से पूर्व का जो लिखा गया है वह पढ़ रहे हैं या स्वतंत्रता के तुरंत बाद का। इस पर युरोपीय इतिहासकारों के मत क्या हैं तथा भारतीय इतिहासकारों के क्या दृष्टिकोण हैं। वामपंथी और दक्षिणपंथी लेखकों के बीच क्या-क्या मतभेद हो सकते हैं। जिस कालक्रम को हम पढ़ रहे हैं उस पर हमें नवीनतम जानकारी क्या हासिल हैैै; जैसे सिंधु-सरस्वती सभ्यता की लिपि अब तक नहीं पढी़ जा सकी है अत: वह सब अनुमान के आधार पर या फिर वहां से मिले स्रोतों पर ही आधारित है।

 ऐतिहासिक स्रोत मुख्यत: दो तरह के माने जा सकते हैं- 1. पुरातात्विक तथा 2. साहित्यिक। पुरातात्विक और साहित्यिक स्रोतों के अलावा विदेशी यात्रियों के विवरण भी एक उल्लेखनीय स्रोत हैं। अत: इतिहास केवल राजाओं की कहानियां नहीं है, न ही तिथियों का अध्ययन मात्र है यह हम किसी भी देशकाल में किसी राज्य या भौगोलिक क्षेत्र की समस्त परिस्थितियों का सर्वांगीण और मुक्त विचारों से की गई खोजों का तथ्यपरक परिणाम है। इसमें एज मैपिंग्(कार्बन डेटिंग) से लेकर प्राप्त अवशेषों का प्रामाणिकरण भी होना जरूरी है। कोई भी घटना या युद्ध का वर्णन इतिहास नहीं कहा जा सकता है।

इतिहास में आज के लिए इतना ही बाकी अगले अंक में. . . 

बुधवार, 3 मार्च 2021

कॉलेज की बस

चित्र: गूगल से साभार।


           मीरा बहुत ही सुशील लड़की है। प्लस टू में जिला टॉप किया है। जिले के प्रतिष्ठित सरकारी कॉलेज से डिग्री की पढ़ाई कर रही है। उसके पापा एक आम किसान है इसलिए गांव से कॉलेज जाने के लिए वह बस द्वारा यात्रा करती है। यह बस उसके गाँव के ही नामी सेठ की है। सेठ का लड़का गुड्डू बस में कंडक्टरी करता है। पता नहीं क्यों वह लड़का मीरा पर बेवजह मेहरबानियां किया करता है। कॉलेज जाने वाले बाकी लड़के-लड़कियों तुलना में उससे कम किराया वसूलता है। उसको सीट दिलाने के लिए किसी को भी उठा देता है। कभी-कभी मूंगफली आदि कुछ खा रहा होता तो उसकी ओर बढा़ देता है। बार-बार उसको देखकर शैतानी भरी हंसी छोडा़ करता है, मूँछों पर ताव दिया करता है। मीरा को उसकी इन हरकतों से अजीब सा डर लगता है। एक दिन मीरा ने हिम्मत बटोरकर उससे कम किराया लेने की वजह पूछ ली तो वह बोला- कोई बात नहीं मैडम अगर आपको हमारा किराया लेना पसंद नहीं आया तो, आज से आपसे मैं तो क्या इस रूट का कोई भी कंडक्टर आपसे किराया नहीं लेगा। उसने यह बात इतने जोर से कही की सारी सवारियों की नज़र एकाएक मीरा पर आ गडी़। कुछ लोगों ने दो चार बातें करनी शुरू की ही थी कि गुड्डू ने ड्राईवर को जोर से फटकार लगाई – क्या धीरे-धीरे चला रहे हो..., अभी तक रात की उतरी नहीं क्या? बस में सन्नाटा पसर गया, ड्राईवर ने पीछे के स्पीकर चालू कर दिए और गाडी़ को दौडा़ना शुरू कर दिया, मिनट भर में किलोमीटर की सूई सौ का आंकडा़ लांघ गई। मीरा का मन आज पढ़ाई में बिल्कुल नहीं लगा, खाना भी ऊपर-ऊपर से खा रही थी कि घरवाले व्यर्थ में चिंता कर बैठेंगे। खाना मुंह को आया फिर पेट में ढल गया, न जीभ ने स्वाद लिया न पेट ने पचाया, वहीं जम गया। पत्थर होकर उदरशूल बन गया था। 

आज की लड़कियां हार नहीं मानती है यही मन में ठानकर वह चल पडी़ बस अड्डे की ओर। मन ही मन यह ईश्वर से प्रार्थना करती हुई कि कल वाली बात इतिहास हो चुकी होगी। मीरा का यह सोचना गलत था, गुड्डू की हरकतों में गज़ब का बदलाव था मानो वह मीरा की सादगी पर बागी़ हो गया था। हर मुलाकात में उसके मन और शरीर पर अतिक्रमण की कोशिश करने लगा। कभी हाथ पकड़ने की कोशिश करता कभी किराया वसूलते वक्त ऐसे वैसे छूना, फिर खिसियानी हंसी हंसना। -अरे! मैडम काहे इस नाजुक शरीर से गद्हा मजदूरी करवाती हो, लाओ कमबख्त इस बैग को कैरियर में रख देता हूं। इस तरह की बातें आम हो गई थी। फिर उसने अपनी बस कॉलेज के आगे ही लगानी शुरू दी, तिस पर सहेलियां मसखरी किया करती तो गुड्डू कहता अरे! कमाल करती हो आपकी दोस्त बस अड्डे तक पैदल चलकर जाए तो हमारा होना व्यर्थ है। इस तरह की बातों से वह अंदर ही अंदर घुटने लगी थी पर चाहकर भी आह् नहीं कर सकती थी। मीरा जानती थी अगर जरा सा भी धुआं उठा नहीं कि पढ़ाई-लिखाई बन्द अगले घर बिठा देंगे कोई ऐरै-गेरै संग फेरे दिला कर। उस दिन वह कशमकश में थी कि कॉलेज जाए या ना जाए, इसी बीच कदम आगे बढ़ तो रहे थे पर कंपकंपी छूट रही थी शहर के नाम से ही, अड्डे तक पहुंची ही थी कि गुड्डू मार्शल लेकर आ गया। - मैडम आज बस नहीं आएगी नेताजी की रैली में गई है, आप चाहो तो हमारी चांदनी की सवारी कर सकती हो! मीरा बस के ना आने से और डर गई ऊपर से छोटी गाडी़ में बिठाने का गुड्डू का आग्रह इतना जबरदस्त था जैसे अगर वो मना कर देगी तो वो उसे उठाकर ले जाएगा। मीरा दोराहे पर खडी़ सोच रही थी कि जाऊं या नहीं कि सहेली ने फोन पर जानकारी दी कि उसका प्रैक्टिकल कल के बजाय आज ही होगा। परेशानी में मीरा ने झांककर गाडी़ के अंदर देखा मोहल्ले के चार-पांच परिचित बैठे थे तो मीरा ने हामी भर दी। गुड्डू ने झट से गाडी़ का फाटक खोला और पास बैठे लड़के को पीछे जाने को कहा। - कोई बात नहीं भैया आप आगे बैठो मैं पीछे चली जाती हूं। - कमाल करती हो मैडम जी कल को आईएएस बनोगी तब भी क्या ऐसे ही रहोगी, अभी से आदत डाल लो, कहते हुए गुड्डू ने मीरा का बैग अंदर रख लिया, चांदनी सरपट दौड़ने लगी। - क्या बात है छोटे सेठ ये तुम्हारी चांदनी को बडा़ उछाल-उछालकर दौडा़ रहे हो, कहीं हम गरीबों को बीच रास्ते मारने का प्लान तो नहीं है. . . पीछे से एक सवारी बोली। - अरे नहीं काका छोटी गाडी़ है ना और फिर नेताजी की मेहरबानी से सड़क भी गज़ब है कहीं भी निगाह फिराओ गड्ढों के अलावा कुछ नजर ही नहीं आता, इसमें क्या करेगा चांद और क्या करेगी चांदनी. . . ! इधर बातों ही बातों में उसने मीरा की झोली में एक पर्ची सरका दी जिसको पढकर मीरा का चेहरा गुस्से से लाल हो गया और आंखों में आंसू आ गए जो आंचल पर टप-टपकर धार बनकर बहने लगे। उसने अपनी सारी शक्ति को बटोरा और खींचकर दांऐ गाल पर तमाचा रसीद कर दिया। गुड्डू का चेहरा उंगलियों की छाप लेकर रक्तिम होकर चमकने लगा। सेठ का रसूख और सहुकारी के डर से कोई चूं भी नहीं बोला, कुछ सुनाई दे रहा था तो बस इंजन की घूं-घूं. . . आज कॉलेज का रास्ता पता नहीं क्यूं लम्बा हो गया था खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। पीछे से किसी ने कंधा थपथपाया तो मीरा की उनिंदी भंग हुई – तुम्हारा कॉलेज आ गया है बिटिया। गाडी़ की रफ्तार थम गई मीरा ने फाटक खोलकर उतरने को एक पैर आगे रखा ही था कि चांदनी सड़क पर तेजी से फिसलने लगी और उसकी आंखो के सामने अंधेरा छा गया। लम्बी बेहोशी के बाद उसने आंखे खोली तो देखा वह किसी पीली दीवार वाले कमरे में कैद है जिस पर पीक के धब्बे लगे हैं, हर ओर से फिनायल की बू आ रही थी, अजीब सा शोर था उसके चारों तरफ। उसने नज़र फेरकर माहौल का अंदाजा लगाने की कोशिश की तो उसने पाया कि उसके सिर का भार बढा हुआ है बालों में सफेद रंग की अप्रिय मोटी फीत बंधी हुई थी, दाऐं हाथ पर तितली लगी थी जो उसकी नाड़ियों में ग्लुकोज घोल रही थी। नजरों को जरा सा और घुमाया तो देखा सामने माँ खडी़ है। माँ को देखकर उसके भीतर का सारा दर्द उमड़ पडा़। वह उठकर माँ के सीने से लगना चाहती थी उसने जी भर कोशिश की पर पैरों ने साथ नहीं दिया चद्दर को हटाकर देखा तो आँखे फटी की फटी रह गई। माँ बेड तक आई और बेटी को आँचल में छुपा लिया और दोनों फूट पडी़। 

  - बुद्धमल।
©Budhmal Saini 

शनिवार, 27 फ़रवरी 2021

परछाइयों के शहर में : पुस्तक समीक्षा : परछाइयों का शहर

 

साभार : सलौना राजस्थान 


पुस्तक चर्चा/ बुद्धमल


खुलकर आपसे बात करते हैं इन कहानियों के पात्र


जाती सर्दी के ये दिन, जब गुनगुनी सुहानी धूप थोडी़ देर बाद चुभने सी लगती है तो कमरे के अंदर की मीठी सी ठंड भी अपना असर दिखाना चाहती है। ऐसे में किताब के बहाने किसी तीसरे मौसम में दाखिल होने का मन भी क्यों न हो। लिहाजा मन बावरा आज "परछाइयों का शहर" के सफर पर निकल गया। 

वाकई डॉ. मंजु शर्मा का यह शहर बहुत दिलचस्प है। इतना कि एक ही बार में पूरा घूमने का मन करे। टुकडा़-टुकडा़ घूमो तो भी तीन चार दिन आराम से गुजार सकते हैं। शहर में प्रवेश करते ही आपको आवारो बच्चों के साथ गंगा सदन वाली बूढी़ ताई मिलेगी। कचरा बीनते दो भाई- बहन, बुढा़पे में सन्यास काटती गंगा और आलिशान मंगलायतन सदन। समाज की तीन तस्वीरें या कहें की एक आईने में तीन सच- मुफ़लिसी का एहसास, बुढा़पे में सहारा खोजती आंखे और अमीरी के नशे में डूबे लोग जिनकी नजरों ग़रीब और पशु में कोई खास अंतर नहीं है। अत: वे दोनों के साथ व्यवहार में बिल्कुल भेदभाव नहीं करते। थोडा़ आगे चलकर

गर्ल्स हॉस्टल है जहां एक मस्तमौला लड़की कहानियां खोजती बुनती रहती है। उन्हीं-किन्हीं कहानियों के बीच एक कहानी उसकी रूमी संचिता की है। संचिता अपनी ही एक सहेली के ससुराल से खुद की तुलना कर खुद को हीन भावना के मर्ज से ग्रस्त कर बैठती है। दरअसल मन बावरा चीज ही कुछ ऐसी है न चाहते हुए भी किसी न किसी से कहीं न कहीं होड़ कर बैठता है और फिर अनचाहे अवसाद पालता है। मन पर नियंत्रण न हो तो इसके बेलगाम घोडे़ किसी सपाट ऊंचाई से सीधे गहरी घाटी में गाडी़ पटक मारने में देर नहीं करते। पास के हॉस्टल में नंदिता सिंधु दीदी से फेसियल करवाते हुए 'खट्टी वासना' की व्यथा पर मंथन कर रही है। ऐसे ही किसी घर में 'खोटे सिक्के' की खनक है तो किसी घर में कोई प्रोफेसर साहब लॉकडाउन और पत्नि के बीच पिस रहे हैं। कहीं कोई लाछी घर घर करती बेघर होती है। लाछी की जैसी कई और मिलेंगी आपको इस शहर में जो कहीं पल्लू के गांठ दिए किसी पैसे वाले घरों में पेट पालने की जुगत में दिनभर खटती रहती है। शहर घूमने आए हैं तो माधो जोगी की गाडी़ की सवारी करना तो ना ही भूलें। बातों ही बातों में आपको चौक, बाजार, हवेलियां, धोरे सब जगह घूमा देगा। परछाइयों के इस शहर में हर उम्र की कहानियां हैं। हर वो रंग, वो जगह है जो आप देखना चाहते हैं।


   'नई वाली हिंदी' के दौर में कहानी का जो स्वाद खो सा गया है यूं कहें की पुराने वाले पाठक जो जायका मिस करते हैं वह इस किताब में आपको बराबर मिलेगा। कहानियां और पात्र नए जमाने के हैं पर बिल्कुल भी ओपरे नहीं लगते। कई जगह तो वो आपसे खुलकर बात करते हैं। डॉ. मंजु शर्मा ने अपनी इन कहानियों में क्षेत्रीय या आंचलिक शब्दों का भी बराबर प्रयोग किया है। पात्रों के संवाद के साथ देसी बातों के  पुट सहज ही आ जाते हैं जिससे कथा का अपना लय बना रहता है। कहानियां न अधिक छोटी है, न अधिक लम्बी अत: पाठक को कहीं भी अपना प्रवाह खोने का खतरा भी नहीं है। परछाइयों के शहर की अपनी एक खास विशेषता यह है कि हर कहानी आपको एक नए शहर में ले जाती है, हर मोड़ पर आप एक नए शहर से रू-ब-रू होते हैं। काफी समय बाद कोई किताब हाथ में आई है जिसे पूरी तरह से पाठक होकर पढा़ जा सकता है।

बढिया सृजन के लिए डॉ. मंजु शर्मा को बहुत बधाई और भविष्य में ऐसे ही लिखते रहने की शुभकामनाएं।


- बुद्धमल

मेहरी, चूरू।

पृथ्वीराज तृतीय का मुहम्मद गौरी से संघर्ष और उसका अंत

  Photo: Google तराइन का प्रथम युद्ध(1190-91 ई.) -  गोरी एक महत्त्वाकांक्षी शासक था। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था और मध्य...