शनिवार, 30 जनवरी 2021

पुस्तक समीक्षाा: च मानी चमार



      “सफर में अेक देस है, देस में गांव है, हरेक गांव में अेक आंधौ कुवौ है, अंधेरौ है, दलदल है अर डर है। अैडौ अेक-सरीसो रूप दुनिया में और कठैई देखीजणौ औखौ है। एक महान देस अर वींरै हरेक गांव में जात रौ अेक आंधौ कुवौ, कुवै में गरीबी, टोटौ, उम्मेद-विहूणौ दलदल। अंधेरै रौ सराप, सीलण, घुटण, बदबू है। कुवै मांयलै हरेक आदमी री मिरगतिरसणा थोड़ी-सी रोसनी है, थोड़ी-सी ताजी हवा है, डंग-अेक धरती है अर अेक टुकड़ौ खुलौ आभौ है।”

कुछ इस तरह अपनी बात शुरू करती है राजस्थानी साहित्य की प्रथम दलित आत्मकथा: च मानी चमार जिसके लेखक हैं उम्मेद गोठवाल। कैंसर से जूझने के दौरान अंतस की पीड़ को कागज पर उतारते हुए वे अपने साथ-साथ एक पूरे उपेक्षित समुदाय का नेतृत्व करते हैं। मुख्य रूप से दलित वर्ग के जीवन संघर्ष पर बात करती यह किताब आपको ओमप्रकाश वाल्मीकि की जूठन की याद दिलाती है। लेखक ने दलित परिवार में पैदा होने के कथित सामाजिक अपराध का भागी होने और उसकी सजा के रूप में भोगे गए यथार्थ का वर्णन अपनी आत्मकथा के रूप में किया है। दलित अर्थात वर्ण व्यवस्था की सदियों पुरानी निर्दयी साजिश की चक्की के मजबूत पाटों में पीसे जाने वाले वे लोग जिनके छू देने मात्र से कथित ऊंची जात वाले समाज के ठेकेदारों के जातीय गुमान पर कलंक लग जाता है। जिनकी छाया मात्र के पड़ जाने से चीजें अपवित्र हो जाती हैं।

एक तरफ जहां ललित साहित्य भावप्रणव, ज्ञानरंजक या मनोरंजक साहित्य हैं वहीं दलित साहित्य में सदियों के जुल्म, शोषण के हजारों किस्से कहानियां हैं, भीतरले की पीडा़ है। ओमप्रकाश वाल्मीकि की जूठन नें हिंदी साहित्य में अमिट छाप छोडी़। उसके पीछे कई परवर्ती लेखकों, कवियों ने प्रेरणा ली। हालांकि साहित्य में दलित वर्ग की उपस्थिति बौद्ध काल से मुखरित रही है किंतु एक लक्षित मानवाधिकार आंदोलन के रूप में दलित साहित्य मुख्यतः बीसवीं सदी की देन है। प्रमुख भारतीय भाषाओं में दलित साहित्य हिंदी के अलावा मराठी, तेलुगु, गुजराती, कन्‍नड आदि भाषाओं में ही लिखा गया। राजस्थानी साहित्य में आज भी यह परम्परा नजर नहीं आती। उल्लेखनीय है कि राजस्थानी भाषा के पहले दलित काव्य संग्रह के रूप में ‘पेपलो चमार’ नाम से उम्मेद गोठवाल ने ही यह पहल की।

लेखक की आत्मकथा पढते हुए आपको कहीं नहीं लगता की आप एक किताब पढ़ रहे हैं। खासकर तब जब आप ग्रामीण परिवेश से वास्ता रखते हैं। ऐसा लगता है जैसे आपके ही पड़ोस का कोई लड़का आपसे बात कर रहा है। उस बातचीत में कहीं-कहीं लगता है कि वो आप ही की सी बात कर रहा है, कहीं मिलता-जुलता सा कोई किस्सा ध्यान में आता है। बार-बार ऐसे किस्सों से आप रू-ब-रू होते रहते हैं जिसमें लेखक को ‘चमार’ होने के कारण हीनभावना से देखा जाता है या फिर शर्म महसूस करवाई जाती है फिर चाहे वह पृष्ठभूमि गांव की हो या शहर की, स्कूल की अथवा कॉलेज की। जूठन के लेखक स्कूल जिक्र करते हुए कहते हैं कि उन्हें क्लास में बैठने पर केवल इसलिए पीटा गया क्योंकि वह जिस समाज या यूं कहे जिस जात से आता है उसका काम साफ-सफाई करना है ठीक उसी तरह यहां भी लेखक को ‘चमार, चर्मन, ढेढ जैसे ओछे शब्दों से पुकारा जाता है। उसे स्कूल में कुंड के पायतन पर चढने की, अपने हाथ से पानी निकालकर पीने की छूट नहीं है। गांव के स्कूल का हेडमास्टर जातीय जचाव में ऊंचा होने का गर्व पाले रखने वाला है इसलिए उसको नीची जात के लड़के का पढना रास नहीं आता और उसे फैल कर दिया जाता है। इसी तरह आगे के शहर जाने पर भी ऐसे कई लोगों से सामना होता है जिन्हें लेखक की जाति का भान होते ही उनका व्यवहार बदल जाता है। किसी व्यक्ति के चमार होने मात्र से प्रेम की भावनाएं घृणा और तिरस्कार में बदल जाती है। व्यक्ति को ऐसे देखा जाता है जैसे उसने दलित होकर मानो कोई अक्षम्य अपराध कर दिया हो। समाज में इस व्यवस्था को लागू करने वाले ने बहुत ही दुष्टता और चतुराई के साथ इसे दलितों के माथे पर लिख दिया था। नीचता के इस आरोप के साथ-साथ उन पर थोप दी गई गरीबी, ताउम्र किसी ऊंची जात वाले के यहां बंधुआ मजदूरी और कभी न खत्म होने वाला कर्ज। एक साजिश के तहत उन्हे पढ़ाई-लिखाई से वंचित कर दिया गया ताकी कोई दलित मुख्यधारा में न आने पाए क्योंकि पढ़ाई ही सदियों की गुलामी और गरीबी से मुक्ति का इकलौता मार्ग है। आज के समय में भी छुआछूत और भींट आदि किसी महामारी की तरह ही समाज में पसरी हुई है जिसका निदान समाज की पहुंच से बहुत दूर है। बकौल लेखक समाज फक्त एक कारखाना ही तो है जिसमें ये सब उत्पाद बनाए जाते हैं। जहां जन्म तो एक आदमी लेता है परन्तु जन्म के तुरंत बाद ही ब्राह्मण, जाट, ठाकुर बन जाते हैं।

लेकिन बांटने वालों ने केवल इन्सान और भगवान ही नहीं बांटे बल्कि पशु-पक्षी, जानवर भी जात और धर्म के हिसाब से सुविधानुसार बांट दिए। आज भी कुछ कथित ऊंची जात के लोगों द्वारा बकरी के दूध की चाय पीने से जात-धर्म भ्रष्ट हो जाते हैं। बकरी पालने वाला व्यक्ति भले ही आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखकर पालता हो मगर उनके यहां ऐसे लोगों को हीन समझा जाता है तथा उनके साथ व्यवहार करना गुनाह। वे सीधे तौर पर इसे सामाजिक ढांचे से जोड़कर देखते हैं।

लेखक ने ठीक ही फरमाया है कि यह व्यवस्था व्यक्तिमूलक न होकर समाजमूलक है और व्यक्ति महज समाज का एक उत्पाद। यहां ‘अ’ की जगह ‘ब’ को रख देने से या ‘ब’ की जगह ‘स’ को रख देने से कोई फर्क नहीं पड़ता। असल बात तो यहां समाज द्वारा उत्पन्न की गई मानसिकता की है, जहां जातीय आधार पर एक व्यक्ति को पूजा जाता है और दूसरे को हीन समझा जाता है। जहां मानसिक आधार पर सभ्य-असभ्य, शिक्षित-अशिक्षित जैसे कोई फिल्टर नहीं है।

इन्हीं सब किस्से कहानियों के साथ-साथ पुस्तक हमें ग्रामीण परिवेश और उनके सुख-दुख से भी परिचित करवाती है। जहां अकाल से संघर्ष करते जीवन का चित्रण मिलता है। मीठे पानी और बिजली की समस्याओं से भी परिचय होता है। एक सीमा के बाद आपको पढने के लिए, हारी-बीमारी के लिए रात-बेरात शहर का रुख करना होता है। वहीं दूसरी ओर गांव में शहरों की तरह कोई एकांकी जीवन नहीं जीता है। साथ रहते सब एक-दूसरे के काम आते हैं। गांव में आज भी ब्याह-शादी, शोक आदि में किसी को अकेला नहीं छोडा़ जाता है। यहां के खाने में देसी घी, चूंटिए और दूध की खुशबू है। छाछ तक यहां बांटकर बरती जाती है। यहां के फूल शहरों के फूलों से अलग हैं। जहां शहरों में गुलाब, गेंदा, बोगनवेलिया, सूरजमुखी है तो यहां रोहिडा़, आक, खींप, सोनफुली, तुरई की बेल के रेगिस्तानी फूल हैं।

किताब का एक छोटा सा हिस्सा “चौरासी री खामोसी” 1984 के दंगो की तस्वीर खींचता है। शहर में लेखक के पड़ोसी सिख समुदाय के एक व्यक्ति एक दिन देर तक घर नहीं लौटते हैं। दंगो आग में झुलसता वह व्यक्ति अपने परिवार को बचा लेने के डर से अपनी आस्था के साथ समझौता करते हुए वह व्यक्ति अपनी दाढी और सिर के बाल मुंडवाकर आता है। पत्नी दौड़कर उससे लिपट जाती है। मौन आंखो से बहते आंसू व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगाते हैं। यहां एक छोटे से किस्से में लेखक बहुत बडी़ बात कह जाते हैं, वह बात जिसे कहने के लिए सैंकड़ों किस्से-कहानियां, रिपोर्ताज और किताबें शायद कम हैं।

शुरू से अंत तक लेखक के पिता उनके साथ खडे़ नजर आते हैं। लेखक पिता को नायक की तरह कथानक में शामिल करते हैं। परिवार और समाज के लोगों को अभाव और जातिगत दंष झेलते जीवन से छुटकारा दिलाने के लिए सरकारी नौकरी की राह दिखाने से लेकर चौथी क्लास में फैल होने के बाद लेखक को अपने साथ शहर ले जाने तक और फिर पिता के मां हो जाने से लेकर दोस्त हो जाने तक। कमजोर पड़ने पर प्रेरक या सहारे की भूमिका में पिता ही नजर आते हैं। लेखक के पिता जितने दफ्तर में नजर आते हैं उतने ही घर के बडे़ सदस्य होने के नाते सारे नैतिक दायित्वों को भी निभाते हैं। लेखक द्वारा किताब का अंतिम भाग भी पिता को ही समर्पित किया है।

इसी आखरी हिस्से में वे अपनी याद के बहाने मानो समाज की विकृत मानसिकता पर सवाल उठाते हुए फिर अपनी बात को दोहराते हैं जहां स्कूल में एक लड़का लेखक के कान के पास अपना मुंह ले जाकर कहता है – ‘च मानी चमार।’

- बुद्धमल।



रविवार, 17 जनवरी 2021

पुस्तक समीक्षा: रिंकी टेलर

हर्फ़ दर हर्फ़ रूह में उतरती है रिंकी

गांव के गुआड़ में एक लड़का बाल संवारे, कपडे़ व्यवस्थित करके, साइकिल की घंटी बजाते हुए एक ही गली से दिन में दो-तीन-चार बार निकल जाता है। कभी वह शाम के समय स्कूल के आसपास क्रिकेट खेलते बच्चों के पास दर्शक दीर्घा में खडा़ होता है तो कभी खुद खेलने लगता है। दिल है कि मानता नहीं फिर भी। बार-बार नए-नए भाव उमड़ते हैं। लड़का भावनाओं की दौड़ में दूर तक निकल जाता है इतना कि पल भर में वह सशरीर मनचाही जगह होना चाहता है, अचानक से खेलते-खेलते बैट छोड़कर भाग जाता है।

एक लड़की है जो उसी गुआड़ से दिन में दो-तीन दफा गुजरती है। कभी खेत में खाना देने, कभी गोबर थापने, तो कभी डांगर प्याने जाते हुए। इसी आने-जाने के दौरान दोनों एक दूसरे को कनखियों से देखा करते हैं। कभी-कभार एक दो बात भी हो जाया करती है। लोगों की नजरों से बचते-बचाते होने वाले इसी एडवेंचर को गांव में प्रेम कहा जाता है। इस प्रेम में शहर जैसी कोई बात हो ना हो, प्यार वाली सब बातें होती हैं। इस प्यार में एहसास-ए-उल्फत है, खुशी है, ग़म भी है। गांव का इश्क किताबी है, पाक-पवित्र है। ऐसे ही किसी किस्से में कोई रिंकी है, रिंकी को ढूंढती हुई आंखे हैं। हिंदी और राजस्थानी के चर्चित कवि-लेखक कुमार अजय की नई राजस्थानी किताब 'रिंकी टेलर' इन दिनों चर्चाओं में है। किताब का नाम किताब तक पहुंचने को बेताब करता है तो कविताएं पढ़ते हुए वहीं रिंकी हर्फ़ दर हर्फ़ रूह में उतरती जाती है। कवि के साथ-साथ पाठक की भी आंखें रिंकी को कभी किसी दुकान पर, कभी स्कूल की चारदीवारी में, कभी हनुमान मंदिर की आरती में, घर के शोर में, गलियों के सूनेपन में, चिड़ियों की चुप्पी में, फटी किताबों के पन्नों में हेरती है।

कवि यादों के झरोखों से रिंकी को देखता है, काल के आगे अपनी ‘अणबसी’ को कोसते हुए कहता है...

 “आज उणी मोड़ उभौ उडीकूं रिंकी 

वां ई अठ्ठाइस मिनटां बिचाळै

मोटरां तो आज ई घणी नीसरै

पण नीसरै म्हारै कंवळै हीयै नै

चींथती-चिगदती

बगत इण भांत कीकर बदळग्यौ रिंकी!”

 ‘रिंकी टेलर’ की कविताएं प्रेम की पीर की कविताएं हैं-

''थूं बोली ‘प्रेम’

 रंग बरसै हा

थूं कैयौ, ‘नीं’

आभौ बदरंग हौ। "

गांव का वह लड़का आज भी हाथ जोड़ कर रिंकी से ‘अेकर मिल लेय नीं’ की अरज करता है तो कभी रिंकी के कहे को यादों में दोहराता है-

‘‘गांव मांय अेक छोरी ही रिंकी टेल जि

जिकी किणी परबसी सूं

गांव छोडती बेळा

आपरै सगळै अणमणास नै ल्हुकोवती

म्हनै कैयो हौ- 

'कदै स्हैर आवै तो मिलजै।” 

कवि के भीतर का प्रेम शायद आज भी उसी जगह खडा़ है। लड़की के कहे शब्द आज भी कवि के भीतर ज्यों के त्यों लिखे हुए हैं उस एक बार मिलने की आस में गांव से शहर आते-जाते हुए।


संग्रह की एक-एक कविता पाठक को बांधने का दम रखती है। कविताओं में जबरदस्त ठहराव है। हर्फ-दर-हर्फ आप कविता के भीतर उतरते चले जाते हैं और कवि की बनाई दुनिया में खोते चले जाते हैं। हर पन्ने की अपनी एक कहानी है, एक दृश्य है जिसकी अपनी माया है। वह माया आपको अपनी और खींचती है। इतना कि अरिजीत के गानों की तरह आपको उस प्यार की याद में भी उदास कर देती है जो कभी हुआ ही नहीं होगा।

रिंकी को याद करते हुए कवि स्वयं किसी ऐसी जडी़ की तलाश में फिरता है जिससे पुरानी यादों को भूला सके। ‘अणबसी’ के द्वारा स्त्री मनोविज्ञान की थाह लेते हुए वे आपको रत्नावली तक ले जाते हैं और तुलसी के साथ खडे़ नजर आते हैं। क्या सच में रत्नावली निष्ठुर थी? या तुलसी प्रेम की असीम ऊंचाइयों को छू गए थे। खुद के सामने खडे़ किसी प्रश्न से दो-दो हाथ करते हुए कवि राम के भीतर की उलझनें टटोलने की कोशिश करता है और फिर ‘कंफर्ट जोन’ का रूख करता है।आखिर तक आते-आते वक्त का हवाला देते हुए कुमार अजय कहते हैं-

“म्हारी आंख्यां पळती आस

र हीयै पळतै

प्रेम रै संतोख सूं हरखूं,

थारी थूं जांणै रिंकी!” 

ऐसी ही एक आस, एक प्रत्याशा देख सकते हैं कवि के इन शब्दों में-

“आभौ सपना सूं भर्यौ है रिंकी

धरती हरी है आस सूं 

बाजरै सूं मीठौ हुयग्यौ खेत

 .... थूं आज्या नीं रिंकी!” 

किताब का शीर्षक बहुत रोचक एवं जिज्ञासा पैदा करने वाला है। यह आपको ज्ञानेन्द्रपति की चेतना पारीक की याद दिलाता है। तो क्या कवि चेतना पारीक की परंपरा को आगे बढाते हुए राजस्थानी में कोई नया प्रयोग या पंरपरा शुरू करने की फिराक में है? खैर, जिस एक ही पात्र को संबोधित करते हुए पूरी किताब लिखी गई है, उस रिंकी टेलर से एक मुलाकात तो बनती ही है। आप पढ़ेंगे तो निश्चय ही उसे नहीं तो अपनी 'रिंकी टेलर' को जरूर कहीं पा सकेंगे।


- बुद्धमल

 

शनिवार, 9 जनवरी 2021

आंदोलन के रंग

 

रात का समय है

दिल्ली में पूरे दिन से भयंकर बारिश हुई

सर्दियों में उत्तर भारत मे ऐसी बारिश कम ही देखने को मिलती है

ऊपर से कड़ाके की ठंड 

जगह टिकरी बॉर्डर जो प्रमुख मोर्चों में एक है

यहां पहुंचने पर यहां का माहौल इसके एकदम विपरीत था,

किसानों का मेला ,कुम्भ या तीर्थ कुछ भी नाम दो

यहां का रंग हर प्रकार से खुशमिजाज था

जैसा कि खेल में लहलहाती फसलों का होता है

चाहे वो हरी हो या सुखी....

ये जगह वैसी नही थी जैसी ज्यादातर टीवी चैनल पर दिखाई जा रही है

सांझ के बाद का समय है सभी रात के खाना बनाने में लगे हुए है 

जगह जगह भगत सिंह, करतार सिंह सर्राभा की फ़ोटो लगी हुई है जिनमे बहुत सारी बातें पंजाबी में लिखी हुई है साथ मे -पगड़ी सम्भाल जट्टा'आंदोलन का भी मालूम पड़ता है जो भगत सिंह के चाचा जी के द्वारा नेतृत्व किया गया।

खाप पंचायतों का भी अपना अलग रंग है

जिसमे चौधरी छोटूराम जी चरण सिंह जी , भगत सिंह जी शामिल है

हुक्के सुलग रहें है रंग बिरंगी जट्टों की पगड़ी के साथ सफेद पगड़ी में हरयाणा वालों के साथ आंदोलन की बातों के साथ हुक्के की गुड़ गुड़ जारी है

हर जगह आंदोलन की चर्चा है जो इनकी जाग्रति को दर्शाती है

कहीं रागनी तो कहीं पर आंदोलन से सम्बंधित गाने चल रहे है

कोई कह नही सकता आंदोलन को 40 दिन हो गए

ना कोई सर्दी की चिंता ना बारिश की फिक्र

ये लड़ाई विचारधारा के साथ शुरू है जिस पर भगत सिंह चले

चौधरी छोटूराम चले

ये इतनी जल्दी खत्म नही होगी

हरयाणा पंजाब का भाईचारा बहुत बड़ा सकारात्मक कार्य हुआ इस आंदोलन के द्वारा

जगह जगह लगे पोस्टर और उनके नारे दर्शातें है कि कितनी सुद्रढ़ मानसिकता के साथ लोग आएं है

और वे लोग मूर्ख है जो सोचते है ये सर्दी बारिश से हार जाएंगे

आखिर में सभी से निवेदन है कि किसानों पर गलत टिप्पणी करने से पूर्व आप वहां जाकर देखे आपका मन बदल जायेगा

खेती किसानी से जुड़े हर युवा से अनुरोध है खासतौर पर राजस्थान वालों से की ज्यादा नही तो थोड़ा समय निकालें आंदोलन स्थल पर जाएं

इतने में ही बहुत बड़ी क्रांति आ सकती है

क्योंकि बहुत बड़ा तबका तो अभी भी घर बैठा है

जाएं तब सोसल मीडिया के माध्यम से अवगत करवाएं ताकि और लोगो को भी प्रोत्साहन मिले

आंदोलन को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाई जा रही है जो पूर्णत असत्य है

ज्यादा नही कर सकते तो आंदोलन से जुड़ी सकारात्मक पोस्ट शेयर करें

क्योंकि वहां सभी अपने बैठे हैं, 

उनकी IT सेल हम ही हैं।

- कपिल देव कालेर




सोमवार, 4 जनवरी 2021

क्लासरूम

                                                                                       क्लासरूम

बच्चों से खचाखच भरा कमरा, जहाँ सीलिंग फेन्स और पन्नों की एक्का-दुक्का पलटने की आवाज के अतिरिक्त सिर्फ मैथ्स टीचर का भय पसरा है। यह शांति बिल्कुल वैसी है जैसे घने जंगल में सूखी घास पर बब्बर शेर के सरसराते कदम जो अभी झपट कर किसी मासूम दुधमुंहे हरिण शावक का शिकार करने वाले हो!

सहसा किवाड़ पर बेंत की ध्वनि गूंजती है, अंदर बैठी हर आत्मा की पगथली पसीने में तैरने लगती है, प्रत्येक के मन में एक आवाज बोल पड़ती है- आ गया राक्षस!

अगले ही पल लेक्चर-स्टैंड पर एक भीमकाय आकृति दृश्यमान होती है और वातावरण पूरी तरह बदल जाता है।

कुछ ही देर बाद आप देखते हो कि- गब्बर सिंह की चोट करती डरावनी आवाज को प्रतीक्षित वह शांत भू-मण्डल अचानक हवाई-प्लेनों की आवाजाही में व्यस्त हो जाता है, जमीन पर चोर-सिपाही की दौड़ हो रही है। किसी तरह गिरते-पड़ते सिपाही की मार से खुद को बचाते हुए चोर कागज की नाव लेकर फरार हो जाता है। सिपाही इर्ची-मिर्ची लेकर हाथी पर बैठकर छाता ओढे़ चोर का पीछा करने कॉरिडोर तक जाता है। लौटने पर देखता है कि होमवर्क के तमाम कानूनी दांवपेच भरी धाराओं से भरा ग्रीन-बोर्ड टेनिस-बोर्ड में तबदील हो जाता है, कैदखाने का हर कोना डस्टर की छाप व नीली सफेद रंग की गोल नहीं पर हर शेप की बॉल से भरा पडा़ है। किसी का गलकंठा(टाई) किसी और के घुटने में बांधकर लंगडी़ खेली जा रही है, कोई गांधारी बन भीम को गले लगाने के लिए इधर-उधर खंभों व कुर्सियों की ठोकरें खा रही है। हर तरफ अराजकता का माहौल पसरा है। टीचर खेलते-खेलते चीटर हो गया है। ऐसे लग रहा है जैसे क्लासरूम पार्लियामेंट परिवर्तित हो चुका है।

अचानक स्क्रीन पर हेड सर उपस्थित होते हैं! सभी नज़रें एक साथ, आने वाले किसी भी पल में दगने वाली मिसाईल की पिन ड्रॉप सायलेंस के साथ प्रतीक्षा करते हुए. . . 

और प्रिंसिपल के होंठ फड़क उठते हैं- रूक क्यूं गए नालायको खेलो!

इसी के साथ पुन: शुरू हुई धमाल में कोई सीटी बजाकर बोला उठा- ओय! तुस्सी तो छा गए प्रिंसी. . .!

- बुद्धमल।


पृथ्वीराज तृतीय का मुहम्मद गौरी से संघर्ष और उसका अंत

  Photo: Google तराइन का प्रथम युद्ध(1190-91 ई.) -  गोरी एक महत्त्वाकांक्षी शासक था। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था और मध्य...