![]() |
| Photo: Google |
पृथ्वीराज की प्रारंभिक विजयें- पृथ्वीराज तृतीय को अल्पवयस्क देखकर चौहानों के करद् भण्डानकों ने विद्रोह कर दिया था। अत: उनका दमन करना आवश्यक था। परन्तु इससे भी गम्भीर समस्या नागार्जुन ने उत्पन्न कर दी थी। वह विग्रहराज चतुर्थ का लड़का था। उसने गुड़गाँव (गुड़पुर) पर अधिकार कर लिया और अब पृथ्वीराज तृतीय से चौहान सिंहासन छीनने की तैयारी में जुटा हुआ था। इस प्रकार, सिंहासन में पर बैठते ही अल्पवयस्क पृथ्वीराज चौहान को बाह्य तथा आन्तरिक- दोनों शत्रुओं से लोहा लेना था। उसने सर्वप्रथम आन्तरिक शत्रुओं को परास्त कर चौहान राज्य को एकसूत्र में बाँधकर केन्द्रीय शक्ति को सबल बनाने का निश्चय किया। इस पर पृथ्वीराज तृतीय ने अपने मुख्यमंत्री कदम्बवास की देख-रेख में एक विशाल सेना के साथ नागार्जुन के केन्द्र गुड़गाँव पर आक्रमण किया। उसकी सेना ने गुड़गाँव के दुर्ग को चारों तरफ से घेर लिया। नागार्जुन तो किसी प्रकार से भाग निकला परन्तु उसी माँ, पत्नी और बच्चे तथा परिवार के अन्य सदस्य पकड़ लिये गये। नागार्जुन के अनेक सैनिकों तथा कर्मचारियों को बन्दी बनाकर अजमेर लाया गया जहाँ उन्हें मौत के घाट उतारा गया और उनके कटे हुए सिर अजमेर दुर्ग के फाटकों पर लटका दिये गये। ऐसा भावी राजद्रोहियों को चेतावनी के तौर पर किया गया था।
अल्पवयस्क पृथ्वीराज के राजा बनने पर, अवसर का लाभ उठाते हुए भण्डानकों ने विद्रोह कर दिया जिससे चौहान राज्य की उत्तरी सीमा असुरक्षित हो गई। नागार्जुन के विद्रोह का दमन करने के उपरान्त पृथ्वीराज ने भण्डानकों की तरफ ध्यान दिया और 1182 ई. के आस-पास उसने उन पर जबरदस्त आक्रमण कर दिया। उनकी बस्तियों को उजाड़ दिया गया और सैकड़ों को मौत के घाट उतार दिया गया। हजारों भण्डानक उत्तर की ओर भाग गये। शेष ने आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद के समय में एक शक्ति के रूप में उनका उल्लेख नहीं मिलता।
पृथ्वीराज तृतीय की दिग्विजय- अपनी प्रारम्भिक सफलताओं से प्रोत्साहित होकर पृथ्वीराज ने विस्तारवादी नीति (दिग्विजय) को अपनाने का निश्चय किया। इसके लिए परिस्थितियाँ भी अनुकूल थीं और देश को भी एक सशक्त शासक की आवश्यकता थी जो अपनी शक्ति तथा नेतृत्व के बल पर मुसलमानों की विस्तारवादी नीति पर अंकुश लगा सके। इसके लिए उसे उत्तर में मुसलमानों को, दक्षिण में चालुक्यों को तथा पूर्व में चन्देलों और गहड़वालों को पराजित करना जरूरी था; क्योंकि ये सभी शक्तियाँ भी उत्तरी भारत को अपने-अपने नियन्त्रण में लाने के लिए तत्पर थीं।
जैजाकभुक्ति की विजय- भण्डानकों के विद्रोह का दमन करने के पश्चात् पृथ्वीराज ने चन्देलों पर आक्रमण करने का निश्चय किया। इस समय चन्देलों का राज्य काफी विस्तृत था जिसमें बुन्देलखण्ड, जैजाकभुक्ति, महोबा आदि सम्मिलित थे। 1182 ई. में पृथ्वीराज ने चन्देलों पर आक्रमण किया। पृथ्वीराज रासो तथा आल्हाखण्ड से पता चलता है कि चौहानों ने चन्देलों की राजधानी महोबा पर विजय प्राप्त की जिसमें परमादी की ओर से आल्हा ऊदल एवं कन्नौज की सेना ने भाग लिया था। इन गल्प काव्यों में कितना ऐतिहासिक सत्य है, यह निश्चित करना कठिन है, परन्तु इतना निश्चित है कि पृथ्वीराज ने चन्देलों को अवश्य पराजित किया। पराजित परमादी को संधी करनी पड़ी। पृथ्वीराज ने चन्देल राज्य को अपने राज्य में नहीं मिलाया केवल कुछ सीमा गाँवों को ही अपने राज्य में मिलाया। डॉ. गोपीनाथ शर्मा का भी मत है कि "चौहान इस विजय से स्थाई लाभ न उठा सके। चन्देलों ने अपनी भूमि को पुनः ले लिया। चन्देलों और गहड़वालों पृथ्वीराज के लिए एक सैनिक व्यय का कारण बन गया। यह विजय आर्थिक दृष्टि पृथ्वीराज के लिए महँगी पड़ी और साथ-ही-साथ चन्देल उसके शत्रुओं की नामावली में गिने जाने लगे।"
गुजरात पर आक्रमण- गुजरात के चालुक्यों और सपादलक्ष के चौहानों के मध्य अनुसार लम्बे समय से संघर्ष चला आ रहा था। पृथ्वीराज के पिता सोमेश्वर के शासनकाल में दोनों के मध्य मैत्रीपूर्ण सम्बन्ध बने रहे, क्योंकि सोमेश्वर का लालन-पालन अपने ननिहाल गुजरात में ही हुआ था। पृथ्वीराज चौहान के समय में दोनों राजवंशों में पुनः संघर्ष शुरू हो गया। वस्तुतः चौहानों और चालुक्यों के मध्य संघर्ष का मुख्य कारण दोनों राज्यों की विस्तारवादी नीति थी। चालुक्यों का राज्य नाडौल तथा आबू तक फैला हुआ था। दूसरी तरफ, पृथ्वीराज चौहान के राज्य की सीमाएँ भी नाडौल तथा आबू तक जा पहुँची थीं। गुजरात के चौहानों को भी अपनी अधीनता में लाने को उत्सुक थे, जबकि पृथ्वीराज अपनी स्वतन्त्र सत्ता विकास करना चाहता था। ऐसी स्थिति में दोनों पक्षों के मध्य संघर्ष होना स्वाभाविक था। साहित्यिक रचनाओं एवं शिलालेखों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि 1184 के आस-पास दोनों पक्षों में अनिर्णायक युद्ध लड़ा गया परन्तु 1187 ई. के आस-पास दोन पक्षों में मैत्री सम्बन्ध स्थापित हो गये थे।
गहड़वालों के साथ संघर्ष - परम्पराओं के अनुसार पृथ्वीराज चौहान का कन्नौज के गहड़वाल नरेश जयचन्द के साथ भी युद्ध हुआ। परन्तु यह युद्ध कब, क्यों और किन कारणों से हुआ, इसका स्पष्ट उत्तर देना सम्भव नहीं है। 'पृथ्वीराज रासो' के अनुसार, "दिल्ली के राजा अनंगपाल की मृत्यु के बाद उसका नाती पृथ्वीराज- तृतीय उसका उत्तराधिकारी बना। उसका समकालीन शासक जयचन्द भी अत्यधिक शक्तिशाली था। उसने अनेक युद्धों में विजयश्री प्राप्त कर राजसूय यज्ञ का आयोजन किया और इसी अवसर पर अपनी पुत्री संयोगिता के स्वयंवर की भी घोषणा की। इसमें भाग लेने के लिए अनेक राजाओं को आमन्त्रित किया गया। पृथ्वीराज को अपमानित करने की दृष्टि से उसे निमन्त्रित नहीं किया गया और उसकी मूर्ति बनवाकर द्वारपाल के स्थान पर रख दी गई। संयोगिता पहले से ही पृथ्वीराज से विवाह करना चाहती थी। पृथ्वीराज अपने चुने हुए सामन्तों एवं सैनिकों के साथ छिपकर घटनास्थल पर पहुँच गया। ज्यों ही संयोगिता ने पृथ्वीराज की मूर्ति के गले में वरमाला डाली, पृथ्वीराज किसी युक्ति से संयोगिता को उठाकर ले गया। कन्नौज की सेना ने उन दोनों को पकड़ने का अथक प्रयास किया परन्तु वे सकुशल अजमेर पहुँच गये और वहाँ विवाह किया।
अधिकांश विद्वानों ने संयोगिता की कहानी को अविश्वसनीय माना है। शिलालेखों से विदित होता है कि 1164 ई. के पूर्व विग्रहराज चतुर्थ ने दिल्ली पर अधिकार कर लिया था। इसलिए रासो की यह बात असत्य है कि दिल्ली के अनंगपाल की मृत्यु के बाद पृथ्वीराज उसका उत्तराधिकारी बना। डॉ. ओझा, डॉ. त्रिपाठी आदि विद्वान पृथ्वीराज और जयचन्द की परस्पर लड़ाई और संयोगिता स्वयंवर की कथा को काल्पनिक मानते हैं। उनका तर्क है कि पृथ्वीराज के युग में राजसूय यज्ञ और स्वयंवर-प्रथा समाप्त हो चुकी थी। इसके विपरीत डॉ. दशरथ शर्मा ने संयोगिता प्रकरण की ऐतिहासिकता को सिद्ध करने का प्रयास किया है। इसी प्रकार डॉ. गोपीनाथ शर्मा का मत है कि परम्परा से मान्यता प्राप्त इस घटना पर सन्देह करना ठीक नहीं।
मुसलमानों से संघर्ष- तबकाते- नसीरी के अनुसार 1173 ई. में मुहम्मद गोरी को गजनी का गवर्नर नियुक्त किया गया और इसके दो वर्ष बाद ही उसने भारत पर प्रथम अभियान किया। उसने बिना किसी प्रतिरोध के मुल्तान पर अधिकार कर लिया और उच्च के राजपूत शासक को षड्यन्त्र द्वारा मारकर इस प्रदेश पर भी अधिकार कर लिया। इन प्रारम्भिक सफलताओं से प्रोत्साहित होकर 1178 ई. में उसने गुजरात पर आक्रमण किया, परन्तु आव के निकट गुजरात के चालुक्यों ने इसे बुरी तरह पराजित कर दिया। परन्तु गोरी इस पराजय से हताश होने वाला व्यक्ति नहीं था। अब उसने पंजाब को जीतने का निश्चय किया और 1186 ई. तक वह पंजाब को अधिकृत करने में सफल रहा। पंजाब-विजय के पूर्व गोरी सम्पूर्ण सिन्ध प्रान्त को जीत चुका था।
गोरी की विजयों के परिणामस्वरूप भारत में उसके अधिकृत प्रदेश की सीमाएँ पृथ्वीराज चौहान के राज्य की सीमाओं से जा मिलीं। इससे दोनों पक्षों के मध्य समय-समय पर सीमान्त समस्याएँ तथा संघर्ष होना स्वाभाविक ही था। भारत के भीतरी क्षेत्रों पर अधिकार जमाने के लिए गोरी के लिए दिल्ली और अजमेर को जीतना आवश्यक था, जबकि अपने राज्य को सुरक्षित बनाये रखने के लिए पृथ्वीराज के लिए गोरी को उत्तर-पश्चिम से खदेड़ना आवश्यक था। अतः दोनों में संघर्ष अवश्यम्भावी था। साहित्यिक रचनाओं में पृथ्वीराज और गोरी के मध्य लड़े गये युद्धों की संख्या बढ़ा-चढ़ा कर दी गई है। रासो में दोनों के मध्य 21 मुठभेड़ों का उल्लेख है तो हम्मीर महाकाव्य' में पृथ्वीराज द्वारा गोरी को सात बार हराने की बात कही गई है। इसी प्रकार अन्य ग्रन्थों में भी अतिशयोक्तिपूर्ण संख्याएँ दी गई हैं, जबकि दोनों पक्षों के मध्य एक ही वर्ष के अन्तराल में दो निर्णायक युद्ध लडे़ गए थे।
.jpeg)
👍👍
जवाब देंहटाएंइस टिप्पणी को लेखक द्वारा हटा दिया गया है.
जवाब देंहटाएंनीचे डाला है कुछ जो मैंने कहीं पढ़ा था और देखा था पुस्तक में कहीं.....😊✍️
हटाएंजब अंतिम युद्ध हो रहा था मोहम्मद गोरी ने कैद कर लिया था पृथ्वीराज चौहान को
जवाब देंहटाएंऔर उसकी आंखें फोड़ डाली थी
उस वक्त पृथ्वीराज चौहान के साथ था चंद्रबरदाई
उसने चौहान को कहा चौहान और अब वक्त है तेरे पास इस वक्त अगर तू ने मोहम्मद गौरी को हरा दिया तब तो तू चौहान चौहान है वरना तो चौहान नहीं है इस बार चूक ना मत क्योंकि तूने इतनी दफा छोड़ दिया है उसके बावजूद भी इसने तेरे साथ क्या सलूक किया है चंद्रबरदाई उससे इशारों में एक बात करता है और चंद्र को पता था कि पृथ्वीराज चौहान शब्दभेदी बाण चलाना जानता है
चार बांस चौबीस गज अंगुल अष्ट प्रमाण ता ऊपर सुल्तान है मत चूके चौहान
इसके बाद पृथ्वीराज चौहान ने शब्दभेदी बाण चलाए और बाण सीधा मोहम्मद गौरी के सीने पर जाकर लगा और मोहम्मद गौरी मृत्यु को प्राप्त हो गया
पृथ्वीराज चौहान और चंद्रबरदाई दोनों ने एक दूसरे का कटार से आकस्मिक वध कर दिया
नहीं, पृथ्वीराज को कैद करने वाली बात सत्य है परंतु आगे का वर्णन असत्य है और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से(चार बांस. . . वाला) अशुद्ध भी। यह वृतांत चन्द के पुत्र जल्हण द्वारा किया गया है।
हटाएंवैज्ञानिक दृष्टिकोण स्पष्ट करने का श्रम फरमावें
हटाएंवैज्ञानिक दृष्टिकोण यह है कि दूर से देखने मात्र से एकदम सटीक लम्बाई/चौडा़ई/ऊंचाई का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। आठ अंगुल का माप जो कि बहुत छोटा है। एक तर्क यह भी कि शब्दभेदी अर्थात् आवाज पर प्रतिक्रिया देने वाला जैसे कि मोशन ट्रैकर कैमरा जो कि हलचल होने पर चालू हो जाते हैं। तो क्या सुल्तान जो कि अपनी बुद्धि के बल पर पृथ्वीराज को कैद कर सकता है वह इतना बेवकूफ होगा कि पृथ्वी तीर चलाए और सुल्तान उसे अपनी ओर मुंह करके खडा़ करे और सामने प्रतिध्वनी भी करे।
हटाएंकाफी मेहनत की गई है, पृथ्वी राज से जुड़ी इन समस्त घटनाओं को एक कड़ी में पिरोकर, हमारे सामने प्रस्तुत करने में ।
जवाब देंहटाएं🙌👌👌👍👍
शुक्रिया ।
हटाएंपढ़ने वाले चाहिएं
जवाब देंहटाएं....😊✍️