“सफर में अेक देस है, देस में गांव है, हरेक गांव में अेक आंधौ कुवौ है, अंधेरौ है, दलदल है अर डर है। अैडौ अेक-सरीसो रूप दुनिया में और कठैई देखीजणौ औखौ है। एक महान देस अर वींरै हरेक गांव में जात रौ अेक आंधौ कुवौ, कुवै में गरीबी, टोटौ, उम्मेद-विहूणौ दलदल। अंधेरै रौ सराप, सीलण, घुटण, बदबू है। कुवै मांयलै हरेक आदमी री मिरगतिरसणा थोड़ी-सी रोसनी है, थोड़ी-सी ताजी हवा है, डंग-अेक धरती है अर अेक टुकड़ौ खुलौ आभौ है।”
कुछ इस तरह अपनी बात शुरू करती है राजस्थानी साहित्य की प्रथम दलित आत्मकथा: च मानी चमार जिसके लेखक हैं उम्मेद गोठवाल। कैंसर से जूझने के दौरान अंतस की पीड़ को कागज पर उतारते हुए वे अपने साथ-साथ एक पूरे उपेक्षित समुदाय का नेतृत्व करते हैं। मुख्य रूप से दलित वर्ग के जीवन संघर्ष पर बात करती यह किताब आपको ओमप्रकाश वाल्मीकि की जूठन की याद दिलाती है। लेखक ने दलित परिवार में पैदा होने के कथित सामाजिक अपराध का भागी होने और उसकी सजा के रूप में भोगे गए यथार्थ का वर्णन अपनी आत्मकथा के रूप में किया है। दलित अर्थात वर्ण व्यवस्था की सदियों पुरानी निर्दयी साजिश की चक्की के मजबूत पाटों में पीसे जाने वाले वे लोग जिनके छू देने मात्र से कथित ऊंची जात वाले समाज के ठेकेदारों के जातीय गुमान पर कलंक लग जाता है। जिनकी छाया मात्र के पड़ जाने से चीजें अपवित्र हो जाती हैं।
एक तरफ जहां ललित साहित्य भावप्रणव, ज्ञानरंजक या मनोरंजक साहित्य हैं वहीं दलित साहित्य में सदियों के जुल्म, शोषण के हजारों किस्से कहानियां हैं, भीतरले की पीडा़ है। ओमप्रकाश वाल्मीकि की जूठन नें हिंदी साहित्य में अमिट छाप छोडी़। उसके पीछे कई परवर्ती लेखकों, कवियों ने प्रेरणा ली। हालांकि साहित्य में दलित वर्ग की उपस्थिति बौद्ध काल से मुखरित रही है किंतु एक लक्षित मानवाधिकार आंदोलन के रूप में दलित साहित्य मुख्यतः बीसवीं सदी की देन है। प्रमुख भारतीय भाषाओं में दलित साहित्य हिंदी के अलावा मराठी, तेलुगु, गुजराती, कन्नड आदि भाषाओं में ही लिखा गया। राजस्थानी साहित्य में आज भी यह परम्परा नजर नहीं आती। उल्लेखनीय है कि राजस्थानी भाषा के पहले दलित काव्य संग्रह के रूप में ‘पेपलो चमार’ नाम से उम्मेद गोठवाल ने ही यह पहल की।
लेखक की आत्मकथा पढते हुए आपको कहीं नहीं लगता की आप एक किताब पढ़ रहे हैं। खासकर तब जब आप ग्रामीण परिवेश से वास्ता रखते हैं। ऐसा लगता है जैसे आपके ही पड़ोस का कोई लड़का आपसे बात कर रहा है। उस बातचीत में कहीं-कहीं लगता है कि वो आप ही की सी बात कर रहा है, कहीं मिलता-जुलता सा कोई किस्सा ध्यान में आता है। बार-बार ऐसे किस्सों से आप रू-ब-रू होते रहते हैं जिसमें लेखक को ‘चमार’ होने के कारण हीनभावना से देखा जाता है या फिर शर्म महसूस करवाई जाती है फिर चाहे वह पृष्ठभूमि गांव की हो या शहर की, स्कूल की अथवा कॉलेज की। जूठन के लेखक स्कूल जिक्र करते हुए कहते हैं कि उन्हें क्लास में बैठने पर केवल इसलिए पीटा गया क्योंकि वह जिस समाज या यूं कहे जिस जात से आता है उसका काम साफ-सफाई करना है ठीक उसी तरह यहां भी लेखक को ‘चमार, चर्मन, ढेढ जैसे ओछे शब्दों से पुकारा जाता है। उसे स्कूल में कुंड के पायतन पर चढने की, अपने हाथ से पानी निकालकर पीने की छूट नहीं है। गांव के स्कूल का हेडमास्टर जातीय जचाव में ऊंचा होने का गर्व पाले रखने वाला है इसलिए उसको नीची जात के लड़के का पढना रास नहीं आता और उसे फैल कर दिया जाता है। इसी तरह आगे के शहर जाने पर भी ऐसे कई लोगों से सामना होता है जिन्हें लेखक की जाति का भान होते ही उनका व्यवहार बदल जाता है। किसी व्यक्ति के चमार होने मात्र से प्रेम की भावनाएं घृणा और तिरस्कार में बदल जाती है। व्यक्ति को ऐसे देखा जाता है जैसे उसने दलित होकर मानो कोई अक्षम्य अपराध कर दिया हो। समाज में इस व्यवस्था को लागू करने वाले ने बहुत ही दुष्टता और चतुराई के साथ इसे दलितों के माथे पर लिख दिया था। नीचता के इस आरोप के साथ-साथ उन पर थोप दी गई गरीबी, ताउम्र किसी ऊंची जात वाले के यहां बंधुआ मजदूरी और कभी न खत्म होने वाला कर्ज। एक साजिश के तहत उन्हे पढ़ाई-लिखाई से वंचित कर दिया गया ताकी कोई दलित मुख्यधारा में न आने पाए क्योंकि पढ़ाई ही सदियों की गुलामी और गरीबी से मुक्ति का इकलौता मार्ग है। आज के समय में भी छुआछूत और भींट आदि किसी महामारी की तरह ही समाज में पसरी हुई है जिसका निदान समाज की पहुंच से बहुत दूर है। बकौल लेखक समाज फक्त एक कारखाना ही तो है जिसमें ये सब उत्पाद बनाए जाते हैं। जहां जन्म तो एक आदमी लेता है परन्तु जन्म के तुरंत बाद ही ब्राह्मण, जाट, ठाकुर बन जाते हैं।
लेकिन बांटने वालों ने केवल इन्सान और भगवान ही नहीं बांटे बल्कि पशु-पक्षी, जानवर भी जात और धर्म के हिसाब से सुविधानुसार बांट दिए। आज भी कुछ कथित ऊंची जात के लोगों द्वारा बकरी के दूध की चाय पीने से जात-धर्म भ्रष्ट हो जाते हैं। बकरी पालने वाला व्यक्ति भले ही आर्थिक जरूरतों को ध्यान में रखकर पालता हो मगर उनके यहां ऐसे लोगों को हीन समझा जाता है तथा उनके साथ व्यवहार करना गुनाह। वे सीधे तौर पर इसे सामाजिक ढांचे से जोड़कर देखते हैं।
लेखक ने ठीक ही फरमाया है कि यह व्यवस्था व्यक्तिमूलक न होकर समाजमूलक है और व्यक्ति महज समाज का एक उत्पाद। यहां ‘अ’ की जगह ‘ब’ को रख देने से या ‘ब’ की जगह ‘स’ को रख देने से कोई फर्क नहीं पड़ता। असल बात तो यहां समाज द्वारा उत्पन्न की गई मानसिकता की है, जहां जातीय आधार पर एक व्यक्ति को पूजा जाता है और दूसरे को हीन समझा जाता है। जहां मानसिक आधार पर सभ्य-असभ्य, शिक्षित-अशिक्षित जैसे कोई फिल्टर नहीं है।
इन्हीं सब किस्से कहानियों के साथ-साथ पुस्तक हमें ग्रामीण परिवेश और उनके सुख-दुख से भी परिचित करवाती है। जहां अकाल से संघर्ष करते जीवन का चित्रण मिलता है। मीठे पानी और बिजली की समस्याओं से भी परिचय होता है। एक सीमा के बाद आपको पढने के लिए, हारी-बीमारी के लिए रात-बेरात शहर का रुख करना होता है। वहीं दूसरी ओर गांव में शहरों की तरह कोई एकांकी जीवन नहीं जीता है। साथ रहते सब एक-दूसरे के काम आते हैं। गांव में आज भी ब्याह-शादी, शोक आदि में किसी को अकेला नहीं छोडा़ जाता है। यहां के खाने में देसी घी, चूंटिए और दूध की खुशबू है। छाछ तक यहां बांटकर बरती जाती है। यहां के फूल शहरों के फूलों से अलग हैं। जहां शहरों में गुलाब, गेंदा, बोगनवेलिया, सूरजमुखी है तो यहां रोहिडा़, आक, खींप, सोनफुली, तुरई की बेल के रेगिस्तानी फूल हैं।
किताब का एक छोटा सा हिस्सा “चौरासी री खामोसी” 1984 के दंगो की तस्वीर खींचता है। शहर में लेखक के पड़ोसी सिख समुदाय के एक व्यक्ति एक दिन देर तक घर नहीं लौटते हैं। दंगो आग में झुलसता वह व्यक्ति अपने परिवार को बचा लेने के डर से अपनी आस्था के साथ समझौता करते हुए वह व्यक्ति अपनी दाढी और सिर के बाल मुंडवाकर आता है। पत्नी दौड़कर उससे लिपट जाती है। मौन आंखो से बहते आंसू व्यवस्था पर प्रश्न चिह्न लगाते हैं। यहां एक छोटे से किस्से में लेखक बहुत बडी़ बात कह जाते हैं, वह बात जिसे कहने के लिए सैंकड़ों किस्से-कहानियां, रिपोर्ताज और किताबें शायद कम हैं।
शुरू से अंत तक लेखक के पिता उनके साथ खडे़ नजर आते हैं। लेखक पिता को नायक की तरह कथानक में शामिल करते हैं। परिवार और समाज के लोगों को अभाव और जातिगत दंष झेलते जीवन से छुटकारा दिलाने के लिए सरकारी नौकरी की राह दिखाने से लेकर चौथी क्लास में फैल होने के बाद लेखक को अपने साथ शहर ले जाने तक और फिर पिता के मां हो जाने से लेकर दोस्त हो जाने तक। कमजोर पड़ने पर प्रेरक या सहारे की भूमिका में पिता ही नजर आते हैं। लेखक के पिता जितने दफ्तर में नजर आते हैं उतने ही घर के बडे़ सदस्य होने के नाते सारे नैतिक दायित्वों को भी निभाते हैं। लेखक द्वारा किताब का अंतिम भाग भी पिता को ही समर्पित किया है।
इसी आखरी हिस्से में वे अपनी याद के बहाने मानो समाज की विकृत मानसिकता पर सवाल उठाते हुए फिर अपनी बात को दोहराते हैं जहां स्कूल में एक लड़का लेखक के कान के पास अपना मुंह ले जाकर कहता है – ‘च मानी चमार।’
- बुद्धमल।

💐💐
जवाब देंहटाएं❤❤❤
जवाब देंहटाएंबहुत कुछ कहती हैं ये पुस्तक .........?
जवाब देंहटाएंशुक्रिया 🙏
हटाएंपुस्तक की तारीफ के लिए शब्द नहीं है, टिप्पणी के हम लायक नहीं हैं 🤗👏👏👏 aur budhmal ji aapka review bhi koi kitab se kam nahi lag raha 🥰😍
जवाब देंहटाएंआभार।😍
हटाएंबिल्कुल ठीक फरमाया सर!
हटाएं🥰🥰
बहुत खूब
जवाब देंहटाएंThnku😍
हटाएंआपके अल्फ़ाज़ नायाब हैं बुद्ध!
जवाब देंहटाएं✨✨✨✨✨✨✨
Always keep shining 🌟
😍😍😍
हटाएंग्रामीण जीवन जहां शहर के एकांकी जीवन से बेहतर है वहीं सामाजिक कुरूतियां, ख़ासतौर पर जाति वर्ग का भेद , छुआछूत समाज की बनावट में बहुत बड़ा झोल है ! वीभत्स है !
जवाब देंहटाएंपुस्तक की समीक्षा अपने आप ने एक पूर्ण लेख है। लेखक और उनके पिता की छवि कहानी के माध्यम से दिल ने उतर जाती है। मुझे ओम प्रकाश का लिखा ' जूठन ' याद आ रहा है !
आभार मैम।
हटाएं🙏🙏🙏
जवाब देंहटाएं