![]() |
| चित्र: गूगल से साभार। |
आज की लड़कियां हार नहीं मानती है यही मन में ठानकर वह चल पडी़ बस अड्डे की ओर। मन ही मन यह ईश्वर से प्रार्थना करती हुई कि कल वाली बात इतिहास हो चुकी होगी। मीरा का यह सोचना गलत था, गुड्डू की हरकतों में गज़ब का बदलाव था मानो वह मीरा की सादगी पर बागी़ हो गया था। हर मुलाकात में उसके मन और शरीर पर अतिक्रमण की कोशिश करने लगा। कभी हाथ पकड़ने की कोशिश करता कभी किराया वसूलते वक्त ऐसे वैसे छूना, फिर खिसियानी हंसी हंसना।
-अरे! मैडम काहे इस नाजुक शरीर से गद्हा मजदूरी करवाती हो, लाओ कमबख्त इस बैग को कैरियर में रख देता हूं।
इस तरह की बातें आम हो गई थी। फिर उसने अपनी बस कॉलेज के आगे ही लगानी शुरू दी, तिस पर सहेलियां मसखरी किया करती तो गुड्डू कहता अरे! कमाल करती हो आपकी दोस्त बस अड्डे तक पैदल चलकर जाए तो हमारा होना व्यर्थ है।
इस तरह की बातों से वह अंदर ही अंदर घुटने लगी थी पर चाहकर भी आह् नहीं कर सकती थी। मीरा जानती थी अगर जरा सा भी धुआं उठा नहीं कि पढ़ाई-लिखाई बन्द अगले घर बिठा देंगे कोई ऐरै-गेरै संग फेरे दिला कर।
उस दिन वह कशमकश में थी कि कॉलेज जाए या ना जाए, इसी बीच कदम आगे बढ़ तो रहे थे पर कंपकंपी छूट रही थी शहर के नाम से ही, अड्डे तक पहुंची ही थी कि गुड्डू मार्शल लेकर आ गया।
- मैडम आज बस नहीं आएगी नेताजी की रैली में गई है, आप चाहो तो हमारी चांदनी की सवारी कर सकती हो!
मीरा बस के ना आने से और डर गई ऊपर से छोटी गाडी़ में बिठाने का गुड्डू का आग्रह इतना जबरदस्त था जैसे अगर वो मना कर देगी तो वो उसे उठाकर ले जाएगा। मीरा दोराहे पर खडी़ सोच रही थी कि जाऊं या नहीं कि सहेली ने फोन पर जानकारी दी कि उसका प्रैक्टिकल कल के बजाय आज ही होगा। परेशानी में मीरा ने झांककर गाडी़ के अंदर देखा मोहल्ले के चार-पांच परिचित बैठे थे तो मीरा ने हामी भर दी। गुड्डू ने झट से गाडी़ का फाटक खोला और पास बैठे लड़के को पीछे जाने को कहा।
- कोई बात नहीं भैया आप आगे बैठो मैं पीछे चली जाती हूं।
- कमाल करती हो मैडम जी कल को आईएएस बनोगी तब भी क्या ऐसे ही रहोगी, अभी से आदत डाल लो, कहते हुए गुड्डू ने मीरा का बैग अंदर रख लिया, चांदनी सरपट दौड़ने लगी।
- क्या बात है छोटे सेठ ये तुम्हारी चांदनी को बडा़ उछाल-उछालकर दौडा़ रहे हो, कहीं हम गरीबों को बीच रास्ते मारने का प्लान तो नहीं है. . . पीछे से एक सवारी बोली।
- अरे नहीं काका छोटी गाडी़ है ना और फिर नेताजी की मेहरबानी से सड़क भी गज़ब है कहीं भी निगाह फिराओ गड्ढों के अलावा कुछ नजर ही नहीं आता, इसमें क्या करेगा चांद और क्या करेगी चांदनी. . . !
इधर बातों ही बातों में उसने मीरा की झोली में एक पर्ची सरका दी जिसको पढकर मीरा का चेहरा गुस्से से लाल हो गया और आंखों में आंसू आ गए जो आंचल पर टप-टपकर धार बनकर बहने लगे। उसने अपनी सारी शक्ति को बटोरा और खींचकर दांऐ गाल पर तमाचा रसीद कर दिया। गुड्डू का चेहरा उंगलियों की छाप लेकर रक्तिम होकर चमकने लगा।
सेठ का रसूख और सहुकारी के डर से कोई चूं भी नहीं बोला, कुछ सुनाई दे रहा था तो बस इंजन की घूं-घूं. . .
आज कॉलेज का रास्ता पता नहीं क्यूं लम्बा हो गया था खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा था। पीछे से किसी ने कंधा थपथपाया तो मीरा की उनिंदी भंग हुई – तुम्हारा कॉलेज आ गया है बिटिया। गाडी़ की रफ्तार थम गई मीरा ने फाटक खोलकर उतरने को एक पैर आगे रखा ही था कि चांदनी सड़क पर तेजी से फिसलने लगी और उसकी आंखो के सामने अंधेरा छा गया। लम्बी बेहोशी के बाद उसने आंखे खोली तो देखा वह किसी पीली दीवार वाले कमरे में कैद है जिस पर पीक के धब्बे लगे हैं, हर ओर से फिनायल की बू आ रही थी, अजीब सा शोर था उसके चारों तरफ। उसने नज़र फेरकर माहौल का अंदाजा लगाने की कोशिश की तो उसने पाया कि उसके सिर का भार बढा हुआ है बालों में सफेद रंग की अप्रिय मोटी फीत बंधी हुई थी, दाऐं हाथ पर तितली लगी थी जो उसकी नाड़ियों में ग्लुकोज घोल रही थी। नजरों को जरा सा और घुमाया तो देखा सामने माँ खडी़ है। माँ को देखकर उसके भीतर का सारा दर्द उमड़ पडा़। वह उठकर माँ के सीने से लगना चाहती थी उसने जी भर कोशिश की पर पैरों ने साथ नहीं दिया चद्दर को हटाकर देखा तो आँखे फटी की फटी रह गई। माँ बेड तक आई और बेटी को आँचल में छुपा लिया और दोनों फूट पडी़।
- बुद्धमल।
©Budhmal Saini

लाजवाब कहानी
जवाब देंहटाएंशुक्रिया सर।
हटाएंबहतरीन
जवाब देंहटाएंशुक्रिया। 💕
हटाएंमन भर गया कहानी पढ़ कर
जवाब देंहटाएं😇😍
हटाएंशब्दों को एहसास की ईंटों में भरकर दर्द की इमारत खड़ी कर दी आपने...!
जवाब देंहटाएंइस भयानक घटना के लिए कुछ लिखने की जरूरत नहीं हो रही है...!
🤐🤐🤐🤐
💐💐💐
जवाब देंहटाएंLajvab story was really osum
जवाब देंहटाएं😍😍😍
हटाएंबहुत खूब बुद्धमल जी
जवाब देंहटाएंThank you ❤
हटाएं