हर्फ़ दर हर्फ़ रूह में उतरती है रिंकी
गांव के गुआड़ में एक लड़का बाल संवारे, कपडे़ व्यवस्थित करके, साइकिल की घंटी बजाते हुए एक ही गली से दिन में दो-तीन-चार बार निकल जाता है। कभी वह शाम के समय स्कूल के आसपास क्रिकेट खेलते बच्चों के पास दर्शक दीर्घा में खडा़ होता है तो कभी खुद खेलने लगता है। दिल है कि मानता नहीं फिर भी। बार-बार नए-नए भाव उमड़ते हैं। लड़का भावनाओं की दौड़ में दूर तक निकल जाता है इतना कि पल भर में वह सशरीर मनचाही जगह होना चाहता है, अचानक से खेलते-खेलते बैट छोड़कर भाग जाता है।
एक लड़की है जो उसी गुआड़ से दिन में दो-तीन दफा गुजरती है। कभी खेत में खाना देने, कभी गोबर थापने, तो कभी डांगर प्याने जाते हुए। इसी आने-जाने के दौरान दोनों एक दूसरे को कनखियों से देखा करते हैं। कभी-कभार एक दो बात भी हो जाया करती है। लोगों की नजरों से बचते-बचाते होने वाले इसी एडवेंचर को गांव में प्रेम कहा जाता है। इस प्रेम में शहर जैसी कोई बात हो ना हो, प्यार वाली सब बातें होती हैं। इस प्यार में एहसास-ए-उल्फत है, खुशी है, ग़म भी है। गांव का इश्क किताबी है, पाक-पवित्र है। ऐसे ही किसी किस्से में कोई रिंकी है, रिंकी को ढूंढती हुई आंखे हैं। हिंदी और राजस्थानी के चर्चित कवि-लेखक कुमार अजय की नई राजस्थानी किताब 'रिंकी टेलर' इन दिनों चर्चाओं में है। किताब का नाम किताब तक पहुंचने को बेताब करता है तो कविताएं पढ़ते हुए वहीं रिंकी हर्फ़ दर हर्फ़ रूह में उतरती जाती है। कवि के साथ-साथ पाठक की भी आंखें रिंकी को कभी किसी दुकान पर, कभी स्कूल की चारदीवारी में, कभी हनुमान मंदिर की आरती में, घर के शोर में, गलियों के सूनेपन में, चिड़ियों की चुप्पी में, फटी किताबों के पन्नों में हेरती है।
कवि यादों के झरोखों से रिंकी को देखता है, काल के आगे अपनी ‘अणबसी’ को कोसते हुए कहता है...
“आज उणी मोड़ उभौ उडीकूं रिंकी
वां ई अठ्ठाइस मिनटां बिचाळै
मोटरां तो आज ई घणी नीसरै
पण नीसरै म्हारै कंवळै हीयै नै
चींथती-चिगदती
बगत इण भांत कीकर बदळग्यौ रिंकी!”
‘रिंकी टेलर’ की कविताएं प्रेम की पीर की कविताएं हैं-
''थूं बोली ‘प्रेम’
रंग बरसै हा
थूं कैयौ, ‘नीं’
आभौ बदरंग हौ। "
गांव का वह लड़का आज भी हाथ जोड़ कर रिंकी से ‘अेकर मिल लेय नीं’ की अरज करता है तो कभी रिंकी के कहे को यादों में दोहराता है-
‘‘गांव मांय अेक छोरी ही रिंकी टेल जि
जिकी किणी परबसी सूं
गांव छोडती बेळा
आपरै सगळै अणमणास नै ल्हुकोवती
म्हनै कैयो हौ-
'कदै स्हैर आवै तो मिलजै।”
कवि के भीतर का प्रेम शायद आज भी उसी जगह खडा़ है। लड़की के कहे शब्द आज भी कवि के भीतर ज्यों के त्यों लिखे हुए हैं उस एक बार मिलने की आस में गांव से शहर आते-जाते हुए।
संग्रह की एक-एक कविता पाठक को बांधने का दम रखती है। कविताओं में जबरदस्त ठहराव है। हर्फ-दर-हर्फ आप कविता के भीतर उतरते चले जाते हैं और कवि की बनाई दुनिया में खोते चले जाते हैं। हर पन्ने की अपनी एक कहानी है, एक दृश्य है जिसकी अपनी माया है। वह माया आपको अपनी और खींचती है। इतना कि अरिजीत के गानों की तरह आपको उस प्यार की याद में भी उदास कर देती है जो कभी हुआ ही नहीं होगा।
रिंकी को याद करते हुए कवि स्वयं किसी ऐसी जडी़ की तलाश में फिरता है जिससे पुरानी यादों को भूला सके। ‘अणबसी’ के द्वारा स्त्री मनोविज्ञान की थाह लेते हुए वे आपको रत्नावली तक ले जाते हैं और तुलसी के साथ खडे़ नजर आते हैं। क्या सच में रत्नावली निष्ठुर थी? या तुलसी प्रेम की असीम ऊंचाइयों को छू गए थे। खुद के सामने खडे़ किसी प्रश्न से दो-दो हाथ करते हुए कवि राम के भीतर की उलझनें टटोलने की कोशिश करता है और फिर ‘कंफर्ट जोन’ का रूख करता है।आखिर तक आते-आते वक्त का हवाला देते हुए कुमार अजय कहते हैं-
“म्हारी आंख्यां पळती आस
र हीयै पळतै
प्रेम रै संतोख सूं हरखूं,
थारी थूं जांणै रिंकी!”
ऐसी ही एक आस, एक प्रत्याशा देख सकते हैं कवि के इन शब्दों में-
“आभौ सपना सूं भर्यौ है रिंकी
धरती हरी है आस सूं
बाजरै सूं मीठौ हुयग्यौ खेत
.... थूं आज्या नीं रिंकी!”
किताब का शीर्षक बहुत रोचक एवं जिज्ञासा पैदा करने वाला है। यह आपको ज्ञानेन्द्रपति की चेतना पारीक की याद दिलाता है। तो क्या कवि चेतना पारीक की परंपरा को आगे बढाते हुए राजस्थानी में कोई नया प्रयोग या पंरपरा शुरू करने की फिराक में है? खैर, जिस एक ही पात्र को संबोधित करते हुए पूरी किताब लिखी गई है, उस रिंकी टेलर से एक मुलाकात तो बनती ही है। आप पढ़ेंगे तो निश्चय ही उसे नहीं तो अपनी 'रिंकी टेलर' को जरूर कहीं पा सकेंगे।
- बुद्धमल

बेहद उम्दा !
जवाब देंहटाएं🙌
❤💚💝
हटाएंबहुत सुंदर विश्लेषण
जवाब देंहटाएं