शुक्रवार, 17 जून 2022

पृथ्वीराज तृतीय का मुहम्मद गौरी से संघर्ष और उसका अंत

 

Photo: Google

तराइन का प्रथम युद्ध(1190-91 ई.) - 

गोरी एक महत्त्वाकांक्षी शासक था। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था और मध्य एशिया की राजनीति में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करना चाहता था। इसके लिए उसे विपुल धन-सम्पदा की आवश्यकता थी और यह आवश्यकता भारत में पूरी की जा सकती थी। तत्कालीन भारत की राजनैतिक स्थिति भी गोरी के अनुकूल थी। देश में केन्द्रीय सत्ता का अभाव था और अलग-अलग क्षेत्रों में स्वतन्त्र राजवंशों की नीव सुदृढ़ हो चुकी थीं। इन विभिन्न राजवंशों में एकता का अभाव था और वे एक-दूसरे को परास्त करने के लिए सदैव तत्पर रहते थे। गोरी को भारतीय शासकों की इन दुर्बलताओं की पूरी जानकारी थी। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था। परन्तु इसके लिए मार्ग की पहली बाधा - पृथ्वीराज को हटाना आवश्यक था।

लाहौर पर अधिकार करने के बाद गोरी ने सरहिन्द (तबर हिन्द) पर भी अधिकार कर लिया। उसने इस दुर्ग की रक्षा के लिए काजी जियाउद्दीन को बारह हजार सैनिकों के साथ नियुक्त किया। सरहिन्द के दुर्ग पर मुसलमानों का अधिकार हो जाने से चौहान राज्य की सुरक्षा के लिए गम्भीर संकट उत्पन्न हो गया। अतः पृथ्वीराज ने अपने दिल्ली के सामन्त गोविन्दराज के साथ सरहिन्द की तरफ कूच किया। उसका ध्येय यहाँ से गोरी की सेना को खदेड़ कर दुर्ग को अपने अधिकार में लेना था। गोरी को पृथ्वीराज की गतिविधियों की जानकारी मिल गई। उसने वापस गजनी लौटने का विचार त्याग दिया और आगे बढ़कर पृथ्वीराज से मोर्चा लेने का निश्चय किया। तदनुसार गोरी आगे बढ़ा और तराइन के ऐतिहासिक मैदान में दोनों सेनाएँ एक-दूसरे के सामने आ डटी।

युद्ध के आरम्भ से ही चौहानों का पलड़ा भारी रहा। उन्होंने मुस्लिम सेना पर दोनों ओर से भयंकर आक्रमण किया जिससे मुस्लिम सेना में खलबली मच गई। परन्तु ऐसी स्थिति में भी गोरी हताश नहीं हुआ और वह अपनी सम्पूर्ण शक्ति के साथ राजपूतों पर टूट पड़ा। गोरी ने पृथ्वीराज के सामन्त दिल्ली के गोविन्दराज के ऊपर भाले का जोरदार प्रहार किया जिससे उसके दो दाँत टूट गये। परन्तु गोविन्दराज ने साहस नहीं खोया और उसने अपनी पूरी ताकत के साथ गोरी पर कटारी का वार करके उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। कुछ समय बाद ही गोरी अचेत हो गया और अपने घोड़े से गिरने वाला ही था कि उसके एक स्वामिभक्त खलजी सैनिक ने उसे देख लिया। वह कूदकर गोरी के पीछे चढ़ गया और सुल्तान को अश्व सहित सुरक्षित युद्धभूमि से बाहर ले आया। गोरी के पलायन करते ही मुस्लिम सेना के जल्दी ही पैर उखड़ गये और वह भाग खड़ी हुई। राजपूतों ने भागती हुई मुस्लिम सेना का पीछा नहीं किया जिससे वह भारी क्षति से बच गई। कुछ दिनों बाद राजपूतों ने तबर हिन्द पर आक्रमण किया और दुर्ग पर अपना अधिकार जमा लिया। गोरी केसेनानायक काजी जियाउद्दीन को बन्दी बनाकर अजमेर लाया गया परन्तु बाद में उसे सम्मान सहित रिहा कर दिया गया।


• तराइन का प्रथम युद्ध यद्यपि पृथ्वीराज की सैनिक सफलता का चरमोत्कर्ष था, तथापि इस अवसर पर उसकी नीति की अधिकांश इतिहासकारों ने आलोचना की है। युद्ध स भागती हुई मुस्लिम सेना का पीछा न करना, एक गंभीर भूल थी। इसी प्रकार, काजी जियाउद्दीन को भेंट-उपहार देकर रिहा करना भी उचित नहीं था क्योंकि ऐसी उदारता का मेल न तो सैनिक नियमों से था और न मुस्लिम युद्ध-प्रणाली से। मुहम्मद गोरी के लिए तराइन का युद्ध एक महान् अपमानजनक घटना थी। वह इस पराजय को भूल नहीं सका और प्रतिशोध लेने के लिए सैनिक तैयारी में जुट गया।


तराइन का दूसरा युद्ध (1192 ई.)-

सालभर की तैयारी के बाद लगभग 1,20,000 चुने हुए घुड़सवारों की एक विशाल सेना के साथ मुहम्मद गोरी ने पुनः भारत में प्रवेश किया। लाहौर और मुल्तान के रास्ते से वह पुन: तराइन के मैदान में आ डटा। ताजुलमआसिर में लिखा है कि गोरी ने रुक्नुद्दीन हमजा को अपना दूत बनाकर पृथ्वीराज के पास अजमेर भेजा। उसने दूत के माध्यम से संदेश भिजवाया कि वह (पृथ्वीराज) इस्लाम स्वीकार करके उसकी (गोरी की) अधीनता स्वीकार कर ले। पृथ्वीराज ने प्रत्युत्तर में गोरी को कहला भेजा कि वह चुपचाप वापस लौट जाय अन्यथा उसे भयंकर हानि उठानी पड़ेगी। इसके बाद पृथ्वीराज ने भी अपनी विशाल सेना सहित तराइन की तरफ कूच किया। पृथ्वीराज की विशाल सेना को देखकर गोरी कुछ घबरा गया और उसने कूटनीति से कार्य किया। उसने पुनः पृथ्वीराज के पास अपना दूत भेजकर कहलवाया कि वह अपने बड़े भाई की आज्ञा से आया है, अतः आगे की कार्यवाही के लिए उसी से आज्ञा लेना जरूरी है। मैं उनके पास सन्देश भेज रहा हूँ, वैसे मैं सन्धि में रुचि रखता हूँ। इस प्रकार, गोरी ने सन्धि-वार्ता के बहाने पृथ्वीराज को भुलावे में रखने का प्रयास किया।

पृथ्वीराज ने गोरी की बातों का विश्वास कर लिया और सम्पूर्ण हिन्दू सेना विश्राम करने लगी। दूसरी तरफ गोरी ने अत्यधिक गोपनीयता के साथ तैयारी की। उसने दस-दस हजार अश्वारोहियों के चार दल तैयार किये और चारों को अलग-अलग दिशाओं की ओर बेखबर चौहान सेना पर अचानक तेजी के साथ आक्रमण करने को कहा। चारों अश्वारोही दलों को रात्रि में चुपचाप आगे बढ़ना था। राजपूतों को भुलावे में रखने के लिए गोरी ने अपने पदाति सैनिकों को रात भर तम्बुओं के बाहर अलाव जलाकर जश्न मनाने को कहा ताकि राजपूत यह समझें कि मुस्लिम सेना अपने डेरों में ही है। इसके बाद गोरी अपने बचे हुए पदाति सैनिकों को लेकर काफी लम्बा चक्कर लगाकर सूर्योदय के बहुत पहले पृथ्वीराज की सेना के पिछवाड़े जा पहुँचा। तब तक उसके अश्वारोही सैनिक भी चारों दिशाओं से चौहान सेना के काफी निकट आ चुके थे। सुबह होते ही गोरी के आदेशानुसार मुस्लिम सेना ने चारों तरफ से पृथ्वीराज की सेना पर आक्रमण कर दिया। इस समय बहुत से हिन्दू सैनिक शौचादि कार्यों से लौटे ही थे और बहुत से स्नानादि में लगे थे। उन्हें इस समय आक्रमण का अंदेशा नहीं था। अत: मुस्लिम आक्रमण के साथ ही चौहान सेना में खलबली मच गई। पृथ्वीराज ने हाथी पर सवार होकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया और तीन-चार घंटों के भयंकर संघर्ष के बाद वह हाथी को छोड़कर घोड़े़ पर सवार होकर शत्रु का मुकाबला करने लगा।

दिन के तीसरे पहर तक चौहान सेना थककर चूर हो गई। तभी गोरी ने अपनी सम्पूर्णशक्ति के साथ आक्रमण किया। इस अन्तिम प्रहार को चौहान सेना न झेल सकी। पृथ्वीराज ने परिस्थिति को प्रतिकूल देखकर युद्धभूमि से पलायन करने का निश्चय किया और सिरसा की तरफ भाग गया। परन्तु दुर्भाग्य से वह पकड़ा गया और बाद में मौत के घाट उतार दिया गया।गोविन्दराज तथा अन्य बहुत-से प्रसिद्ध सामन्त हजारों सैनिकों के साथ वीरगति को प्राप्त हुए। हसन निजामी के अनुसार लगभग एक लाख हिन्दू सैनिक मारे गए। तराइन का दूसरा युद्ध निर्णायक सिद्ध हुआ। गोरी ने पृथ्वीराज को परास्त कर अपनी पिछली पराजय का बदला ले लिया। इस विजय के फलस्वरूप हांसी, सिरसा, समाना, कोहराम, अजमेर तथा दिल्ली तक के विस्तृत क्षेत्र पर मुसलमानों का अधिकार हो गहै।इन प्रबन्ध चिन्तामणि' तथा अन्य हिन्दू मुस्लिम साक्ष्यों में पृथ्वीराज की जीवन-लीला के अन्त के विभिन्न प्रकार के विवरण मिलते हैं। रासो के अनुसार गोरी उसे अपने साथ गजनी ले गया और वहाँ उसे अन्धा कर दिया बाद में उसका राजकवि चन्दबरदाई भी गजनी पहुँचा और उसने सुल्तान को पृथ्वीराज की शब्द-भेदी बाण चलाने की कला देखने के लिए राजी कर लिया। इस अवसर पर चन्दबरदाई ने कविता के माध्यम से ऊँचे सिंहासन पर बैठे गोरी की सही स्थिति बतला दी और पृथ्वीराज ने उस स्थिति का लक्ष्य साध कर एक ही तीर से गोरी को मार गिराया।  तत्काल बाद पृथ्वीराज और चन्दबरदाई ने एक-दूसरे को समाप्त कर दिया। परन्तु रासो  यह विवरण ऐतिहासिक दृष्टि से सही नहीं माना जा सकता क्योंकि गोरी लम्बे समय तक जीवित रहा था। 'हम्मीर महाकाव्य', 'पृथ्वीराज प्रबन्ध' तथा अन्य साक्ष्यों में गोरी द्वारा पृथ्वीराज को बन्दी बनाने तथा बाद में उसका वध किये जाने का विवरण मिलता है, जबकि 'विरुद्ध विधि विद्ववंश' में उसके युद्धभूमि में वीरगति प्राप्त करने का उल्लेख है। हसन निजामी के अनुसार पृथ्वीराज को बन्दी बनाकर रखा गया परन्तु जब सुल्तान को पता चला कि वह उसके विरुद्ध षड़यन्त्र रचने में लगा हुआ है, तो उसे मरवा डाला। मिनहाज के अनुसार युद्धभूमि से भागकर जाने के बाद वह पकड़ा गया और उसे बाद में मौत के घाट उतार दिया गया। डॉ. दशरथ शर्मा और डॉ. गोपीनाथ शर्मा दोनों का मत है कि सम्भवतः पृथ्वीराज को अजमेर लाया गया और वहाँ उसे सुल्तान के करद सामन्त के रूप में शासन करने को कहा गया। इसी स्थिति पृथ्वीराज ने गोरी के विरुद्ध षड्यन्त्र रचा हो जिससे कुपित होकर गोरी ने उसको मरवा डाला। गोरी द्वारा जारी की गई मुद्राओं से भी कुछ ऐसा ही अनुमान लगाया जा सकता है।इन मुद्राओं के एक ओर पृथ्वीराज का और दूसरी ओर मुहम्मद साम का नाम अंकित है। गोरी द्वारा पृथ्वीराज के पुत्र को अपने आश्रित शासक के रूप में अजमेर का सिंहासन देना भी इसी तथ्य को मजबूत करता है।


पृथ्वीराज की पराजय के कारण- 

पृथ्वीराज की पराजय के लिए कई कारण उत्तरदायी थे। पहला कारण तो उसकी भोग-विलासिता और शासन कार्यों के प्रति उदासीनता था। साहित्यिक साक्ष्यों से पता चलता है कि जिस समय उसको जागरूक रहकर अपने शासकीय कर्त्तव्य का पालन करना चाहिए था, उस समय वह शृंगार रस में डूबा हुआ था। में संयोगिता अपहरण उसकी रसिकता एवं भोग-विलासिता का ज्वलन्त उदाहरण है। उसके इस कृत्य ने न केवल जयचन्द को अपितु कुछ अन्य शासकों को भी उसका विरोधी बना दिया और उन्होंने गोरी के विरुद्ध उसे किसी प्रकार का सहयोग नहीं दिया।

पराजय का दूसरा प्रमुख कारण युद्ध कला में गोरी की तुलना में उसकी कम योग्यता थी। डॉ. दशरथ शर्मा के मतानुसार, "युद्धकला में भी वह मोहम्मद गोरी से कुछ भी न्यून था।" गोरी एक निपुण तथा चालाक सेनानायक था। उसने प्रारम्भ में ही छलकपट का सहारा लिया और संधि-वार्ता के बहाने पृथ्वीराज को असावधान बना दिया। युद्ध के पूर्वउसने अपनी सेना को योजनाबद्ध ढंग से विभाजित किया और सभी टुकड़ियों को आवश्यक निर्देश दिये। उसका उद्देश्य पृथ्वीराज की सेना में खलबली तथा अव्यवस्था उत्पन्न करके उसे पराजित करना था। इसीलिए उसने प्रात: होते ही ऐसे समय पर अचानक आक्रमण किया जबकि राजपूत सैनिक अपने नित्य-कर्म से निवृत्त होने में लगे हुए थे। ऐसी स्थिति में उन्हें संगठित एवं व्यवस्थित होकर लड़ने का अवसर ही नहीं मिल पाया और वे परास्त हो गये।


पृथ्वीराज की पराजय का एक कारण गोरी की तुलना में कम सैनिक जुटा पाना था। साहित्यिक साक्ष्यों से पता चलता है कि उसका एक सेनानायक स्कन्द किसी दूसरी दिशा में गया हुआ था और वह समय पर तराइन नहीं पहुंच पाया। उसका एक अन्य सेनानायक उदय भी समय पर राजधानी से रवाना न हो सका। सीमान्त चौकियों के चौहान सैनिक दस्तों को भी तराइन पहुँचने का संदेश भिजवाया गया था, परन्तु अधिकांश सैनिक समय पर तराइन नहीं पहुँच सके थे। अत: तराइन के दूसरे युद्ध में पृथ्वीराज के पास पर्याप्त सैनिकों का अभाव था जबकि गोरी एक विशाल सेना के साथ पहले से ही डेरा जमाये बैठा था।


कुछ साहित्यिक रचनाओं में पृथ्वीराज की पराजय का कारण किसी-न-किसी प्रकार की धोखेबाजी बतलाया गया है, परन्तु इस प्रकार के विवरण उसकी पराजय को छिपाने के लिए दिये गये हैं, अन्यथा ऐतिहासिक दृष्टि से उन्हें विश्वसनीय नहीं माना जा सकता। उसकी पराजय का वास्तविक कारण गोरी की चालों को न समझ पाना था। यदि उसने जागरूक रह कर गोरी की गतिविधियों पर गिद्ध दृष्टि रखी होती तो उसे अचानक आक्रमण के घातक परिणाम न भुगतने पड़ते।

पृथ्वीराज का मूल्यांकन- 

चौहानवंशी शासकों में पृथ्वीराज तृतीय का महत्त्वपूर्ण स्थान है। वह वीर, सुन्दर, साहसी और सैनिक प्रतिभाओं से युक्त शासक था। वह विद्वानों तथा कलाकारों का आश्रयदाता था। 'पृथ्वीराज विजय' का रचयिता जयानक, 'पृथ्वीराज रासो' का लेखक चन्दबरदाई, वागीश्वर, जनार्दन, आशाधर, पृथ्वीभट्ट आदि अनेक विद्वान, कवि एवं साहित्यकार उसकी राजसभा की शोभा बढ़ाते थे। पृथ्वीराज एक रसिक व्यक्ति था। उपर्युक्त मुणों के आधार पर इतिहासकार उसे एक अत्यधिक प्रतिभावान और रहस्यमय शासक मानते हैं।


अपने शासन के प्रारम्भिक काल में उसने शानदार सैनिक सफलताएँ प्राप्त कर अपने आप आपको एक महान सेनानायक एवं विजयी सम्राट सिद्ध कर दिखाया। उसने न केवल विरासत में प्राप्त राज्य की सीमाओं का ही विस्तार किया अपितु आंतरिक विद्रोहों एवं उपद्रवों का * दमन कर समूचे राज्य में शान्ति एवं व्यवस्था स्थापित करके उसे सुदृढ़ता भी प्रदान की। परन्तु इतना होते हुए भी उसमें अनेक दोष थे। उसमें कूटनीतिक सूझ-बूझ की कमी थी और वह राजनीतिक अहंकार से पीड़ित था। उसने दिग्विजय की नीति को अपनाकर अपने पड़ौसी कम शासकों को अपना शत्रु बना लिया। व्यक्तिगत प्रतिष्ठा अर्जित करने की लालसा में वह यह भूल गया कि पहले विदेशी शत्रु की समुचित व्यवस्था करना आवश्यक है और पड़ौसी राज्यों की सैनिक सहायता के बिना इस ध्येय की पूर्ति एक दुष्कर कार्य था। इस सन्दर्भ डॉ. सत्यप्रकाश ने ठीक ही लिखा है कि, “उसने मुस्लिम आक्रमण को कभी भी गम्भीरता से नहीं लिया। तराइन के प्रथम युद्ध में उसे सफलता मिली थी परन्तु अवसर का लाभ उठाकर भागती हुई मुस्लिम सेना का पीछा कर उसे नष्ट करने का प्रयास नहीं किया और न ही आगे बढ़कर पंजाब पर अधिकार करने का ही प्रयत्न किया। इसके विपरीत वह भोग-विलास तथा विजयोत्सव में डूब गया। इसी प्रकार, तराइन के दूसरे युद्ध के पूर्व वह गोरी की कपटपूर्ण नीति को समझने में असफल रहा। उसने अपनी गुप्तचर व्यवस्था को सक्षम बनाने की तरफ भी विशेष ध्यान नहीं दिया। परिणाम यह निकला कि उसे गौरी सैनिक शिविर की गतिविधियों की सूचना नहीं मिल पाई और गोरी ने उसे असावधान स्थिति में अचानक दबोच लिया। इन त्रुटियों के कारण ही उसका सर्वनाश हुआ। डॉ. दशरथ शर्मा, लिखते हैं कि, “उसको (पृथ्वीराज को) सैनिक भूलों के लिए क्षमा नहीं किया जा सकता। तराइन के युद्ध के ठीक पहले उसके आचरण न तो एक सुयोग्य योद्धा के थे, एक सेनानायक के वरन् एक नये सिखतड़ के थे।" वस्तुतः पृथ्वीराज चौहान अवसर के अनुकूल खरा नहीं उतर पाया। इसलिए उसे अपने युग का महान् शासक कहने से पहले उसके उपर्युक्त दोषों को ध्यान में रखना आवश्यक होगा।

पृथ्वीराज के उत्तराधिकारी-  

'हम्मीर-महाकाव्य' और 'विरुद्ध विधि विद्ववंश' का कथन है कि पृथ्वीराज तृतीय के बाद उसका छोटा भाई हरिराज चाहमान सिंहासन पर बैठा। परन्तु हसन निजामी का कथन है कि गोरी ने पृथ्वीराज के स्थान पर उसके पुत्र गोविन्दराज को अजमेर के सिंहासन पर बैठाया। गोविन्दराज ने उसके बदले में गोरी के प्रति स्वामिभक्त बने रहने का वचन दिया तथा बहुमूल्य उपहार भी उसे भेंट करने पड़े। ऐसा प्रतीत होता है कि गोविन्दराज का आचरण चौहान सरदारों को पसन्द नहीं आया और गोरी के लौटते ही हरिराज ने चौहान सरदारों की सहायता से गोविन्दराज को सिंहासन से हया दिया और स्वयं अजमेर का राजा बन गया। इसके बाद हरिराज ने चौहान राज्य के क्षेत्रों पर पुनः अपनी सत्ता स्थापित करने का प्रयत्न किया। परन्तु हांसी के निकट गोरी के सेनानायक कुतुबुद्दीन ऐबक जिसे गोरी अपने नवविजित भारतीय प्रदेशों की देखभाल के लिए नियुक्त कर गया था, ने चौहानों को परास्त करके खदेड़ दिया। हरिराज के सैनिकों द्वारा दिल्ली पर पुनः अधिकार करने का प्रयत्न भी विफल रहा। हरिराज के विरोध के कारण गोविन्दराज को अजमेर से भाग कर रणथम्भौर में शरण लेनी पड़ी। कहा जाता है कि ऐबक ने हरिराज को अजमेर से खदेड़ कर पुन: गोविन्दराज को सिंहासन पर बैठाया। परन्तु ऐबक के लौटते ही हरिराज ने पृथ्वीराज के पुत्र को हटाकर पुनः अजमेर पर अधिकार कर लिया।


4 टिप्‍पणियां:

पृथ्वीराज तृतीय का मुहम्मद गौरी से संघर्ष और उसका अंत

  Photo: Google तराइन का प्रथम युद्ध(1190-91 ई.) -  गोरी एक महत्त्वाकांक्षी शासक था। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था और मध्य...