गुरुवार, 9 जून 2022

प्रारंभिक चौहान शासक और पृथ्वीराज तृतीय

 

चित्र स्रोत: Google

प्रारंभिक चौहान शासक(विग्रहराज से आगे) - 

विग्रहराज तृतीय के बाद उसका पुत्र पृथ्वीराज प्रथम राजा बना। उसने 'परम भट्टारक महाराजाधिराज परमेश्वर' की उपाधि धारण की। वह अपने समय का स्वतंत्र और शक्तिशाली शासक था। उसका उत्तराधिकारी पुत्र अजयराज भी अपने समय का पराक्रमी राजा सिद्ध हुआ। अजयराज ने अजमेर नगर को बसाया जो बाद में चौहान साम्राज्य की राजधानी बना। 'पृथ्वीराज विजय' में अजयराज को गजनी पर विजय का श्रेय दिया गया है परंतु इस कथन की सत्यता में संदेह है। अजयराज का उत्तराधिकारी अर्णोराज(लगभग 1133 से 1155 ई.तक) हुआ।

अर्णोराज ने अजमेर के निकट तुरूष्कों(मुसलमानों) को परास्त किया। अर्णोराज के पुत्र जगदेव ने उसकी हत्या कर दी और सिंहासन पर अधिकार कर लिया। थोडे़ समय बाद जगदेव के छोटे भाई विग्रहराज ने उसकी हत्या कर दी और विग्रहराज चतुर्थ के नाम से सिंहासनारूढ़ हुआ। इसने तोमरों और मुसलमानों को हराकर दिल्ली और पंजाब के कुछ क्षेत्रों को अपने राज्य में मिला लिया। विग्रहराज चतुर्थ के बाद अपर-गांगेय शासक बना परन्तु कुछ समय बाद युवावस्था में ही उसकी मृत्यु हो गई। उसके बाद पृथ्वीराज द्वितीय राजा बना। पृथ्वीराज द्वितीय के बाद अर्णोराज का सबसे छोटा पुत्र सोमेश्वर चौहानों का राजा बना।

सोमेश्वर का विवाह त्रिपुरी के शासक अचल की पुत्री कर्पूरीदेवी के साथ हुआ। इससे सोमेश्वर को दो पुत्र उत्पन्न हुए- पृथ्वीराज और हरिराज। सोमेश्वर ने 1177 ई. तक शासन किया।


            पृथ्वीराज तृतीय(1177 - 1192 ई.)

सोमेश्वर की मृत्यु के बाद पृथ्वीराज तृतीय चाहमान-वंश का राजा हुआ। उस समय तक सपादलक्ष के चौहानों ने सांभर के स्थान पर अजमेर को अपनी नई राजधानी बना लिया था। भौगोलिक एवं सामरिक दृष्टि से अजमेर काफी सुरक्षित था। इसी को केन्द्र बनाकर पृथ्वीराज तृतीय ने चौहान शक्ति को अपने चरमोत्कर्ष पर पहुँचा दिया। यह महज संयोग की बात थी कि उसी के साथ चौहान शक्ति का पतन भी हुआ। 

पृथ्वीराज तृतीय की जन्म तिथि विवादास्पद है। 'पृथ्वीराज विजय' नामक ग्रन्थ के अनुसार उसका जन्म वि. सं. 1223 के ज्येष्ठ मास की द्वादशी को हुआ था। इस हिसाब से सिंहासन पर बैठने के समय उसकी आयु लगभग 11 वर्ष की थी। अतः प्रारम्भ में उसने अपनी माता कर्पूरीदेवी के कुशल संरक्षण में शासन प्रारम्भ किया। कर्पूरीदेवी ने सोमेश्वर के मन्त्रियों तथा अधिकारियों को उनके पुराने पदों पर कायम रखा। इस काल में उसका मुख्यमंत्री कदम्बवास था जो अत्यधिक विद्वान, कुशल शासक और स्वामिभक्त व्यक्ति था। पृथ्वीराज की प्रारम्भिक विजयों का श्रेय उसी को जाता है। बाद के ग्रन्थों का यह विवरण कि उसकी हत्या पृथ्वीराज तृतीय ने की, काफी विवादास्पद है। डॉ. गोपीनाथ का मत यह है कि महत्त्वाकांक्षी पृथ्वीराज ने 1178 के आस-पास ही शासन के सभी काम-काज अपने हाथ में ले लिये थे।

तत्कालीन परिस्थितियाँ- पृथ्वीराज तृतीय का प्रारम्भिक काल देश की राजनैतिक उथल-पुथल का समय था। भारत के उत्तर-पश्चिम की ओर से मुहम्मद गोरी के नेतृत्व में मुसलमानों का दबाव बढ़ता जा रहा था और भारत में एक सबल केन्द्रीय सत्ता का सर्वथा अभाव था। समूचे देश में विविध हिन्दू राजवंशों तथा कुछ प्रदेशों पर मुस्लिम राजवंशों का शासन था और ये सभी आपसी संघर्ष में डूबे हुए थे। उत्तर-पश्चिम भारत में तीन मुस्लिम राज्य थे— सिन्ध, मुल्तान और पंजाब । उत्तरी भारत में चौहानों के बाद दूसरा शक्तिशाली राज्य गहड़वाल राठौरों का कन्नौज था। वहाँ का शासक जयचन्द चौहानों का प्रतिस्पर्धी था।

1175 ई. के आस-पास मुहम्मद गौरी ने मुल्तान पर आक्रमण कर उसे अधिकृत लिया था और 1178 ई. में उसके चौहान राज्य की सीमा को पार कर गुजरात पर आक्रमण किया, परन्तु उसे पराजित होका वापिस लौटना पड़ा। गोरी के आक्रमण भावी संकट के संकेत दे रहे थे, फिर भी भारत के किसी भी शक्तिशाली हिन्दू शासक ने उसके प्रारम्भिक आक्रमणों का सही मूल्यांकन करने का प्रयास नहीं किया। वे या तो उदासीन रहे अथवा उसके आक्रमणों की उपेक्षा करते रहे और अपने पड़ौसियों को परास्त करने की उधेड़बुन में लगे रहे। पृथ्वीराज तृतीय तथा उसके अधिकारियों ने इस समय गोरी के विरुद्ध कोई कदम न उठा कर गम्भीर भूल की जिसका घातक परिणाम उन्हें बाद में भुगतना पड़ा।

9 टिप्‍पणियां:

  1. वे या तो उदासीन रहे अथवा उसके आक्रमणों की उपेक्षा करते रहे और अपने पड़ौसियों को परास्त करने की उधेड़बुन में लगे रहे।

    ये उदासीनता ही परास्त होने की कड़ी में एक और कड़ी जोड़ने का काम कर रही थी...✍️

    जवाब देंहटाएं

पृथ्वीराज तृतीय का मुहम्मद गौरी से संघर्ष और उसका अंत

  Photo: Google तराइन का प्रथम युद्ध(1190-91 ई.) -  गोरी एक महत्त्वाकांक्षी शासक था। वह भारत में अपने राज्य का विस्तार करना चाहता था और मध्य...